विज्ञापन

इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी; लोग ऊंचे स्थानों की ओर भागे, ज्वालामुखी से उठा धुंआ

इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र के समुद्र में शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. तेज झटकों से कई इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है. प्रशासन ने कई प्रांतों में सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है.

इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी; लोग ऊंचे स्थानों की ओर भागे, ज्वालामुखी से उठा धुंआ
इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी चेतावनी जारी; कई इमारतें क्षतिग्रस्त
NDTV
फ्लोरेस (इंडोनेशिया):

इंडोनेशिया में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी. भूकंप का केंद्र फ्लोरेस क्षेत्र के समुद्र में था और इसके झटके बड़े इलाके में महसूस किए गए. कई स्थानों पर घरों और सार्वजनिक भवनों को नुकसान पहुंचने की खबर है. भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु एवं भूभौतिकी एजेंसी ने कई तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर दी. प्रशासन ने लोगों को तुरंत समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर हटकर ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है. फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि राहत और स्थिति का आकलन करने का काम जारी है.

10 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार 5:58 बजे इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में आया. इसकी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में समुद्र के भीतर स्थित था. मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए. वहीं इंडोनेशिया के हलमहेरा क्षेत्र में स्थित माउंट इबू ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ, जिससे करीब 5 किलोमीटर ऊंचा राख का गुबार आसमान में उठ गया.

सुनामी की चेतावनी जारी

इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. अधिकारी समुद्री ज्वार की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

कई इमारतों को पहुंचा नुकसान

फ्लोरेस द्वीप के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कई घरों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है. पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के सिक्का क्षेत्र की निवासी योहाना एम्बू ने बताया कि भूकंप के बाद लोग घबराकर ऊंचे स्थानों की ओर भागने लगे. उन्होंने कहा कि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और मौमेरे बंदरगाह के टर्मिनल का प्रतीक्षालय भी ढह गया.

चर्च और सेमिनरी में मची अफरातफरी

सिक्का स्थित सेंट पीटर मेजर सेमिनरी में सुबह प्रार्थना के दौरान भी अफरातफरी मच गई. सेमिनरी के रेक्टर रेव. गिडेलबर्टस टांगा ने बताया कि जब भूकंप आया, तब छात्र और नन प्रार्थना सभा में मौजूद थे. झटकों के दौरान सभा कक्ष की छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे लोग घबराकर बाहर भागे. उन्होंने बताया कि एक पादरी दूसरी मंजिल से कूद गए, जिससे उनकी टांग टूट गई.

भूकंप और ज्वालामुखियों के लिए संवेदनशील है इंडोनेशिया

इंडोनेशिया 17 हजार से अधिक द्वीपों वाला विशाल द्वीपीय देश है. यह प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" क्षेत्र में स्थित है, जहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां अक्सर होती रहती हैं. फ्लोरेस क्षेत्र पहले भी प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर चुका है. वर्ष 1992 में फ्लोरेस द्वीप के पास आए 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी आई थी, जिसमें लगभग 2,500 लोगों की मौत हो गई थी.

यह भी पढ़ें : इंडोनेशिया में 7.4 तीव्रता का भूकंप, एक की मौत, कई इमारतें क्षतिग्रस्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indonesia Earthquake, Indonesia Earthquake And Tsunami, Tsunami Warning, Indonesia Tsunami Alert, Earthquake News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
//added to preserve the height