आज देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को देखते हुए दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और अर्धसैनिक बल हाई अलर्ट पर हैं. राजधानी के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की नजर है और कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है.
पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. सीमावर्ती इलाकों, बाजारों, मॉल, होटलों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील ठिकानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. हरियाणा से लगती आया नगर सीमा समेत कई एंट्री पॉइंट पर वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामान पर कड़ी नजर रख रही है. यमुना खादर और अन्य संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है.
दंगा और विरोध प्रदर्शन से निपटने की तैयारी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की है. करीब 200 पुलिसकर्मियों ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया. उन्हें वॉटर कैनन, वज्र वाहन और आंसू गैस जैसे उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया.
लाल किले के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन लागू
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 11 बजे तक लाल किले और आसपास के कई मार्ग आम यातायात के लिए बंद रखने का फैसला किया है. इनमें नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, निषादराज मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, एस्प्लेनेड रोड, किला घाट रोड और रिंग रोड/मोएट रोड शामिल हैं. 14 अगस्त रात 10 बजे से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक दिल्ली में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा. डीटीसी और अन्य बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है. कई बसों का टर्मिनल रामलीला मैदान और तीस हजारी कोर्ट में स्थानांतरित किया जाएगा.
ये रास्ते रहेंगे पूरी तरह बंद (सुबह 4:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक)
- नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छत्ता रेल तक)
- लोथियन रोड (जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल तक)
- एसपी मुखर्जी मार्ग (एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक)
- चांदनी चौक रोड (फाउंटेन चौक से लाल किला तक)
- निषाद राज मार्ग (रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक)
- एस्प्लेनेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग को जोड़ने वाली लिंक रोड
बचाव का रास्ता: वाहन चालक तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग और निजामुद्दीन ब्रिज से आईएसबीटी ब्रिज के बीच रिंग रोड के इस्तेमाल से बचें
डायवर्टेड रूट्स
- उत्तर-दक्षिण मार्ग: अरबिंदो मार्ग – सफदरजंग रोड – मदर टेरेसा क्रेसेंट – पार्क स्ट्रीट – पंचकुईयां रोड – रानी झांसी रोड होकर उत्तर दिल्ली जाएं
- कनॉट प्लेस – मिंटो रोड – अजमेरी गेट – श्रद्धानंद मार्ग – लाहौरी गेट चौक – पीली कोठी – एसपी मुखर्जी मार्ग होकर जाएं
- रिंग रोड आईएसबीटी (कश्मीरी गेट) से सलीमगढ़ बाईपास रोड होकर आईपी एस्टेट फ्लाईओवर का रास्ता लें
- पूर्व-पश्चिम मार्ग: यमुना पार करने के लिए डीएनडी, एनएच-24, विकास मार्ग, शाहदरा ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज खुले रहेंगे
AI कैमरों और ड्रोन-रोधी तकनीक से निगरानी
लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा के लिए 1,000 से अधिक AI आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनकी निगरानी एक विशेष कंट्रोल रूम से की जाएगी. सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना तैयार की है. ड्रोन से होने वाले संभावित खतरों से निपटने के लिए ड्रोन-रोधी प्रणाली में नए फीचर भी जोड़े गए हैं.
सेंट्रल जिला पुलिस के अनुसार लाल किले और आसपास के संवेदनशील इलाकों में रहने या काम करने वाले 20,000 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया है. संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई है.
15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इनमें दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, स्पेशल सेल, स्पेशल ब्रांच, पैरामिलिट्री फोर्स, एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान शामिल होंगे. लाल किले के अलावा यमुना खादर क्षेत्र में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.यहां घुड़सवार पुलिस, नावों से गश्त और अतिरिक्त सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है.
पतंग और अन्य हवाई वस्तुएं उड़ाने पर रोक
सेंट्रल दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आसपास पतंग उड़ाने समेत अन्य हवाई वस्तुओं को उड़ाने पर रोक लगा दी गई है. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के आसपास किसी भी प्रकार की हवाई वस्तु उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा, जब तक कि सक्षम अधिकारी से विशेष अनुमति न मिली हो. यह आदेश 16 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा. उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
लालकिले पर क्या होगा?
लाल किला पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे. रक्षा सचिव प्रधानमंत्री का परिचय दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी से कराएंगे. इसके बाद GOC प्रधानमंत्री को सलामी मंच तक लेकर जाएंगे, जहां सेना के तीनों अंगों और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल द्वारा उन्हें सलामी दी जाएगी. प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण भी करेंगे.
सलामी गारद की टुकड़ी में थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के एक-एक अधिकारी तथा 24-24 जवान शामिल होंगे। गुरुवार को लाल किले पर इस कार्यक्रम की फुल-ड्रेस रिहर्सल भी हुई. इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भारतीय सेना को समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सलामी गारद की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह संभालेंगे. प्रधानमंत्री के गार्ड में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व मेजर आदित्य शर्मा, नौसेना की टुकड़ी का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर नीलम राणा और वायु सेना की टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर विपिन कुमार करेंगे. दिल्ली पुलिस की टुकड़ी की कमान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) विनीत कुमार संभालेंगे.
ध्वजारोहण और 21 तोपों की सलामी
सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर की ओर बढ़ेंगे. दिल्ली क्षेत्र के GOC उन्हें राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्राचीर पर बने मंच तक लेकर जाएंगे. कैप्टन सोनिया सिंह चौहान ध्वजारोहण में प्रधानमंत्री की सहायता करेंगी. राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के बहादुर गनर्स द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन से सुसज्जित इस सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत संभालेंगे, जबकि गन पोजिशन ऑफिसर की जिम्मेदारी नायब सूबेदार अनुतोष सरकार निभाएंगे.
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का होगा सामूहिक गायन
नेशनल फ्लैग गार्ड में थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस से एक-एक अधिकारी और 32-32 जवान शामिल होंगे. प्रधानमंत्री द्वारा ध्वजारोहण किए जाने के समय यह इंटर-सर्विसेज और पुलिस गार्ड राष्ट्रीय सलामी देंगे. तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी देने के दौरान सेना का बैंड "वंदे मातरम्" की धुन बजाएगा. लाल किले पर मौजूद सभी लोग राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान होगा. सेना के बैंड का संचालन सूबेदार ईश्वर सिंह करेंगे.
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
ध्वजारोहण के समय भारतीय वायु सेना के दो MI-17 हेलीकॉप्टर समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे. इनमें से एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा वंदे मातरम् अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा. इन हेलीकॉप्टरों की कमान विंग कमांडर रजत और स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय संभालेंगे. पुष्पवर्षा के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे. उनके संबोधन के समापन पर एनसीसी कैडेट और 'मेरा भारत' के स्वयंसेवक राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे.
5 हजार विशेष अतिथि होंगे शामिल
इस साल लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभर से लगभग 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग शामिल होंगे.
लालकिला समारोह में ये चीजें बैन
कैमरा, दूरबीन ,छाता , हैंडबैग, ब्रीफकेस, सिगरेट, लाइटर, माचिस, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल और रिमोट वाली कार की चाबियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं