अमेरिका में भारतीय मूल के 27 साल के एक युवक को अवैध हथियारों के कारोबार और मशीन गन रखने के मामले में पांच साल से ज्यादा जेल की सजा सुनाई गई है. कैलिफोर्निया के लोदी शहर के रहने वाले जशनप्रीत सिंह को सोमवार को अमेरिकी जिला जज डेल ड्रोज्ड ने 5 साल और 4 महीने की जेल की सजा सुनाई. इसने ‘पंजाबी डेविल्स' नाम का गैरकानूनी मोटरसाइकिल गैंग बनाया था. अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
अदालत के दस्तावेजों के मुताबिक, जशनप्रीत सिंह ‘पंजाबी डेविल्स मोटरसाइकिल क्लब' का संस्थापक था. यह स्टॉकटन स्थित एक गैरकानूनी बाइक गैंग था, जिसका संबंध कैलिफोर्निया के ग्लोबल गैरकानूनी मोटरसाइकिल क्लब ‘हेल्स एंजेल्स' से था. पिछले साल जून में सिंह ने एक अंडरकवर अधिकारी को कई हथियार बेचने की कोशिश की थी. इनमें एक शॉर्ट बैरल राइफल, तीन असॉल्ट हथियार, तीन मशीन गन कन्वर्जन डिवाइस और एक रिवॉल्वर शामिल थे.
शुरुआत में सिंह पर सैन जोआक्विन काउंटी में इन मामलों से जुड़े राज्य स्तर के आरोप लगाए गए थे. जुलाई 2025 में वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया. उसी महीने FBI को अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन से सूचना मिली कि सिंह ने भारत जाने के लिए टिकट बुक किया है और 26 जुलाई 2025 को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला है. अधिकारियों ने उसे भागने से पहले एयरपोर्ट पर पकड़कर गिरफ्तार कर लिया.
जशनप्रीत सिंह अभी भी संघीय हिरासत में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं