अमेरिका के फ्लोरिडा में हत्या के मामले का सामना कर रहे एक बुजुर्ग आरोपी ने कोर्ट में अपना जुर्म कबूल करने के बदले एक अजीब सी मांग रखी है. यह मांग इतनी अजीब थी कि जिसने भी सुना, वह हैरान रह गया. 74 साल के रॉबर्ट केसलर ने जज से कहा कि अगर उसे फिली चीजस्टेक, फ्राइज और पेप्सी मिल जाए, तो वह अपना जुर्म कबूल कर लेगा. चीजस्टेक एक तरह का कीमा डाला हुआ बन है. चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है.
अपने किराएदार की हत्या का आरोप
केसलर पर 47 साल की स्टेफनी क्रोन-ओवरहोल्ट्स की हत्या का आरोप है, जो 2021 में टाम्पा इलाके में मौजूद उसके घर पर रह रही थीं. WFLA की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बुजुर्ग आरोपी पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर और शव के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है. केसलर कोर्ट में दावा करता है कि उसके आंखों की रोशनी जा चुकी है. उसे खुद की उंगलियां भी नहीं दिखतीं.
कोर्ट में क्या हुआ
यह अजीब घटना इस हफ्ते की शुरुआत में हुई, जब केसलर हत्या के मामले में जूरी चुनने के लिए हिल्सबोरो सर्किट जज निक नाजारेटियन के सामने पेश हुआ. जूरी चयन शुरू होने से पहले, जज ने उससे कहा कि वह एक 'प्ली डील' कर सकता है यानी गुनाह स्वीकार करने का समझौता कर सकते हैं. जज के अनुसार अगर उसने ऐसा किया तो उसे उम्रकैद की सजा मिलेगी और मामला खत्म हो जाएगा. केसलर अपना केस खुद लड़ रहा था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कोर्ट के अंदर की इस घटना के एक वीडियो क्लिप में, केसलर कुछ सेकंड तक इस बारे में सोचते हुए दिखाई देता है और फिर कहता है कि मैं एक 'फिली चीज़स्टेक' के बदले ऐसा कर लूंगा. कोर्ट टीवी के वीडियो के अनुसार, थोड़ा रुकने के बाद उसने आगे कहा, "और साथ में फ्राइज और एक पेप्सी भी."
उसने आगे कहा कि इस तरह के समझौते से पूरा ट्रायल नहीं करना पड़ेगा, जिससे टैक्स देने वालों के पैसे बचेंगे.
जज ने मांग ठुकरा दी
हालांकि जज ने उसकी मांग ठुकरा दी. जज नाजारेटियन ने कहा कि मैं किसी को अपना जुर्म कबूल करने के लिए खाना नहीं दे सकता. "यह हर तरह से गलत होगा. मैं आपको इतना भरोसा दिला सकता हूं कि आज आपको लंच जरूर मिलेगा, लेकिन उसमें क्या होगा, इसकी गारंटी मैं नहीं दे सकता."
'पीपल' की एक रिपोर्ट के अनुसार बाद में केसलर ने कहा कि अब कोई समझौता नहीं होगा और उन्होंने जज से जूरी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए कहा. उसने कहा कि मैं कोई 'ओपन प्ली' नहीं देना चाहता... बस जूरी चुन लीजिए. मुझे यह चीज सैंडविच चाहिए. अगर मुझे सैंडविच मिल जाए, तो शायद मैं मान जाऊं, लेकिन मुझे वह मिलने वाला तो है नहीं.
5 साल पहले क्या हुआ था
'पीपल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2021 में मैके बे के मछुआरों को क्रोन-ओवरहोल्ट के शरीर के कटे हुए हिस्से मिले थे. गायब होने से पहले, वह मैकडॉनल्ड्स में मिलने के बाद केसलर और उसकी बेटी के साथ, टाम्पा इलाके में स्थित उनके घर पर रह रही थी. अदालत में दिए गए एक हलफनामे के अनुसार, कम से कम तीन गवाहों ने दावा किया है कि उन्होंने क्रोन-ओवरहोल्ट की हत्या के समय के आसपास, केसलर से मिलती-जुलती शक्ल वाले एक आदमी को खाड़ी में कचरे के थैले फेंकते हुए देखा था.
केसलर की बेटी उस समय 8 साल की थी. उसने भी अधिकारियों को बताया कि क्रोन-ओवरहोल्ट के गायब होने से पहले उसने उन दोनों को बहस करते हुए देखा था, और क्रोन-ओवरहोल्ट ने वहां से जाने के लिए केसलर से 200 डॉलर मांगे थे.
यह भी पढ़ें | नेपाल का संविधान बनाने वाला सांसद अब पाल रहा बकरी, दूसरे किसानों को दिखाया रास्ता, लोग बोले- कॉमरेड हो तो ऐसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं