- भारत ने द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है और खुलेआम टोक दिया है
- इस रिपोर्ट में अखबार ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के लिए 'पाकिस्तानी कश्मीर' टर्म का उपयोग किया था
- अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इस शब्द के इस्तेमाल को भ्रामक और गलत बताया है
भारत ने द न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK को "पाकिस्तानी कश्मीर" कहा गया था. भारत ने दोबारा साफ किया कि यह इलाका भारत का अभिन्न हिस्सा है. अमेरिकी अखबार की हाल की रिपोर्ट की हेडलाइन पर आपत्ति जताते हुए, अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इस शब्द के इस्तेमाल को भ्रामक और गलत बताया है. भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "कोई 'पाकिस्तानी कश्मीर' नहीं है, सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) है."
नई दिल्ली ने एक बार फिर अपना पुराना रुख दोहराते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश पहले भी, आज भी और हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहेंगे. भारतीय दूतावास ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने इन इलाकों के कुछ हिस्सों पर गैरकानूनी कब्जा कर रखा है और वहां रहने वाले लोगों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल जारी रखा है.
अखबार ने क्या छापा था?
भारत की यह प्रतिक्रिया द न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हाल की अशांति और स्थानीय चुनावों का जिक्र किया गया था. अखबार के मुताबिक, मीरपुर में उस समय हिंसा भड़क गई, जब सुरक्षा बलों की जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों से झड़प हो गई. यह संगठन नागरिक अधिकारों के लिए काम करता है और पुलिस ज्यादती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था.
अमेरिकी अखबार के अनुसार, इस ताजा हिंसा में गोली लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने इन मौतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
भारत लगातार यह कहता रहा है कि पूरे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र पर उसका संप्रभु अधिकार है. भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, दोनों केंद्र शासित प्रदेश देश का अविभाज्य हिस्सा हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं