विज्ञापन

'मैं यहूदियों पर गोलियां चलाना चाहता हूं', हमास के चीफ रहे याह्या सिनवार के 10 साल के बेटे की चिट्ठी आई सामने

हमास के पूर्व चीफ याह्या सिनवार के 10 साल के बेटे इब्राहिम की चिट्ठी सामने आई है. यह चिट्ठी इब्राहिम ने अपने पिता याह्या सिनवार को लिखी थी.

'मैं यहूदियों पर गोलियां चलाना चाहता हूं', हमास के चीफ रहे याह्या सिनवार के 10 साल के बेटे की चिट्ठी आई सामने
याह्या सिनवार के 10 साल के बेटे की चिट्ठी.
NDTV
नई दिल्ली:

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने हमास के पूर्व चीफ याह्या सिनवार के 10 साल के बेटे इब्राहिम की लिखी गई एक चिट्ठी का खुलासा किया है. इस चिट्ठी में इब्राहिम ने कलाशनिकोव राइफल पकड़ने और यहूदियों पर गोली चलाने की अपनी इच्छा जाहिर की है. 

इब्राहिम की लिखी यह चिट्ठी इजरायली सैनिकों को 2024 में गाजा पट्टी में मिली थी. याह्या सिनवार के खात्मे के दो साल पूरे होने पर IDF ने इसे जारी किया है.

अपने पिता को लिखी गई इस चिट्ठी से पता चलता है कि संघर्ष के दौरान बच्चे के मन में क्या चल रहा था. इसमें प्यार और अपने पिता से मिलने की तड़प के साथ-साथ यहूदियों के खिलाफ हिंसा की बातें भी शामिल हैं. 

IDF ने इस चिट्ठी और इसके साथ बनी तस्वीरों को इस बात के सबूत के तौर पर पेश किया है कि कैसे हमास की नफरत और सशस्त्र संघर्ष की विचारधारा गाजा की नई पीढ़ी को प्रभावित कर सकती है.

चिट्ठी में इब्राहिम ने लिखा- पिता को जीतते देखना चाहता हूं

चिट्ठी में इब्राहिम लिखता है कि वह अपने पिता को बहुत याद कर रहा है और उनके लौटने पर उन्हें गले लगाना चाहता है. 

साथ ही, वह अपने पिता को जीत हासिल करते हुए देखना चाहता है, 'अल्लाहु अकबर' का नारा लगाते हुए देखना चाहता है और यहूदियों के खिलाफ कलाशनिकोव का इस्तेमाल करते हुए देखना चाहता है.

इजरायली सेना ने ही इस चिट्ठी का अनुवाद किया है. इसके मुताबिक इस चिट्ठी में लिखा है, 'मैं लगातार कागज और गत्ते से पिस्तौल, टैंक और कलाशनिकोव बना रहा हूं.'

Latest and Breaking News on NDTV

10 साल के इब्राहिम ने यह भी पूछा है कि उसके पिता कब वापस आएंगे और उसे अपनी बाहों में लेकर सोएंगे. इससे पता चलता है कि हिंसा भरी बातों के साथ-साथ बच्चे के मन में अपने पिता से मिलने की गहरी तड़प भी थी.

चिट्ठी के आखिर में इब्राहिम लिखता है, 'या अल्लाह, काश यह युद्ध खत्म हो जाए और मैं आपको सही-सलामत देख सकूं. अल्लाह आपकी रक्षा करे, अब्बू. मैं चाहता हूं कि आप मेरे लिए दुआ करें.' 

तस्वीरों में हथियार और इजरायल पर हमले दिखाए गए हैं

चिट्ठी के साथ कुछ चित्र भी मिले हैं. बताया जा रहा है कि इन्हें इब्राहिम ने बनाया है. इनमें हथियार, गाजा पट्टी और इजरायल को अलग करने वाली सीमा के पास तैनात टैंक, और इजरायली क्षेत्र की ओर दागी जा रही मिसाइलें दिखाई गई हैं. 

IDF के अनुसार, ये सारा सामान 2024 में गाजा में तैनात इजरायली सैनिकों को मिली थी. सेना ने अपने आधिकारिक संचार माध्यमों से इन दस्तावेजों को जारी किया. इनका मकसद यह दिखाना था कि संघर्ष के बीच पल रहे बच्चों पर हमास की कट्टरपंथी विचारधारा का क्या असर पड़ा है.

Latest and Breaking News on NDTV

इन चित्रों और चिट्ठी में हथियारों और यहूदियों पर गोली चलाने के जिक्र ने इस बात की ओर ध्यान खींचा है कि कैसे राजनीतिक और उग्रवादी नैरेटिव, बच्चों के मन में संघर्ष और उनके विरोधियों के प्रति धारणा बनाने में भूमिका निभाते हैं.

यह चिट्ठी गाजा के परिवारों पर युद्ध के व्यापक परिणामों को भी दिखाती है, जहां बच्चों ने लंबे समय तक हिंसा, विस्थापन और अपने रिश्तेदारों से बिछड़ने का दर्द झेला है.

2024 में मारा गया था सिनवार

याह्या सिनवार गाजा में हमास का सारा काम संभालता था. 2024 में वह हमास का चीफ बन गया था. उसे उसी साल अक्टूबर में इजरायली सेना ने मार गिराया था.

इजरायल का मानना ​​था कि 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमलों का मास्टरमाइंड वही था, जिसके कारण गाजा में युद्ध शुरू हुआ.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hamas, Yahya Sinwar, IDF, Israel Hamas War, Israel Hamas
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com