अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा दावा किया है. ट्रंप का कहना है कि इस पूरे इलाके पर अब अमेरिका का पूरी तरह से नियंत्रण हो चुका है और वे इसे अपने अधिकार में रखने की योजना बना रहे हैं. ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी नौसेना की नाकेबंदी की तारीफ की और इसे 'लोहे की दीवार' बताया है. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के इस कदम के आगे ईरान पूरी तरह बेबस हो चुका है और वह कुछ नहीं कर पा रहा है.
ईरान के भारी विरोध के बावजूद ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं कि अमेरिका का इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण है, जो मध्य पूर्व से दुनिया भर में होने वाले ऊर्जा और अन्य वस्तुओं के व्यापार के लिए बेहद अहम माना जाता है.
दूसरी ओर, ईरान का इरादा इस जलमार्ग पर अपना टोल सिस्टम लागू करने का है. ट्रंप की तरफ से 28 फरवरी को शुरू की गई सैन्य कार्रवाई के जवाब में ईरान उन जहाजों को निशाना बना रहा है जो उसके तय रास्ते से अलग जाने की कोशिश करते हैं.
ट्रंप ने दागे ईरान पर तीखे बोल
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "हॉर्मुज स्ट्रेट पर अब अमेरिका का पूर्ण नियंत्रण है. मुझे लगता है कि हम इसे अपने पास ही रखेंगे. हमारी नौसैनिक नाकेबंदी को हर कोई 'लोहे की दीवार' कह रहा है और ईरान इसके खिलाफ कुछ भी नहीं कर सकता."
ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि ईरान के पास अब न तो कोई नौसेना बची है और न ही वायुसेना. उन्होंने दावा किया कि ईरानी सैनिकों को सैलरी तक नहीं मिल पा रही है और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) पूरी तरह से तबाह हो चुकी है और उसके सैनिक जान बचाकर भाग रहे हैं.
ट्रंप ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि ईरान अब मध्य पूर्व का 'दबंग' नहीं रहा और अंत में उन्होंने कहा, 'अल्लाह का शुक्र है.'

ईरान ने रखी हॉर्मुज खोलने के लिए ये शर्तें
दूसरी तरफ, ईरान ने भी अपना रुख साफ कर दिया है. ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी नहीं हटाता, तब तक हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
ईरान ने इसके साथ ही अपनी जब्त संपत्तियों को अनफ्रीज करने, सभी तरह के आर्थिक प्रतिबंधों को खत्म करने और युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा देने की शर्त रखी है.
यह भी पढ़ें: इमरान खान: क्यों हुई सजा और क्या हैं आरोप, पढ़ें पूरी टाइमलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं