विज्ञापन

इमरान खान: क्यों हुई सजा और क्या हैं आरोप, पढ़ें पूरी टाइमलाइन

इमरान खान पर दर्ज दर्जनों मामलों में से मुख्य तौर से चार बड़े मामले हैं. इमरान खान को आखिरी बार सार्वजनिक रूप से 16 मई 2024 को पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में वीडियो लिंक पर देखा गया था.

इमरान खान: क्यों हुई सजा और क्या हैं आरोप, पढ़ें पूरी टाइमलाइन
इमरान खान को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार किया गया था.
NDTV

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर एक पाकिस्तानी पत्रकार ने दावा किया है कि उनकी मौत हो चुकी है. हालांकि पाकिस्तानी फौज ने इस बात को पूरी तरह से खारिज किया है. आधिकारिक तौर से भी ऐसी कोई खबर नहीं है. लेकिन इस खबर ने सोशल मीडिया पर बहस को जन्म दे दिया है.

बीते कुछ महीनों से इमरान खान की सेहत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. ये चिंताएं हाल ही में उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने भी जताई थीं और उनके डॉक्टरों तथा परिजनों को उनसे मिलने की इजाजत देने की मांग की थी. 

इमरान खान को आखिरी बार सार्वजनिक रूप से 16 मई 2024 को पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में वीडियो लिंक पर देखा गया था.

आखिर इमरान खान को जेल क्यों जाना पड़ा और उनके साथ जेल में कब-कब क्या क्या हुआ?

इमरान खान ने साल 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के तौर पर सत्ता संभाली थी. शुरुआत में उन्हें पाकिस्तानी सेना और एस्टैब्लिशमेंट का करीबी माना जाता था. हालांकि, समय बीतने के साथ-साथ सेना प्रमुख और शक्तिशाली जनरलों के साथ उनके मतभेद बढ़ते गए.

अप्रैल 2022 में पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया और उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया गया. सत्ता गंवाने के बाद इमरान खान ने शहबाज शरीफ सरकार और पाकिस्तानी सेना के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया.

उन्होंने कई बड़ी रैलियां कीं और आरोप लगाया कि उन्हें हटाने में विदेशी साजिश और सेना का हाथ था. इसके बाद से ही उन पर एक के बाद एक 180 से भी ज्यादा आपराधिक, भ्रष्टाचार और देशद्रोह से जुड़े मुकदमे दर्ज किए गए.

कब क्या हुआ?

इसके बाद  9 मई 2023 को इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के अंदर से रेंजर्स ने अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया. इसके बाद पूरे पाकिस्तान में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन हुए और सेना के ठिकानों पर हमले हुए. बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश से उन्हें राहत मिली.

  • 5 अगस्त 2023- तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद इमरान को उनके लाहौर स्थित घर (जमान पार्क) से दोबारा गिरफ्तार किया गया. उन्हें पहले अटक जेल और फिर रावलपिंडी की अदियाला जेल में शिफ्ट किया गया.
  • 29 अगस्त 2023- इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने तोशाखाना मामले में उनकी सजा को निलंबित कर दिया, लेकिन उन्हें रिहा नहीं किया गया क्योंकि तुरंत 'साइफर' केस (सरकारी गुप्त बातें लीक करना) में उनकी हिरासत बढ़ा दी गई.
  • जनवरी 2024- पाकिस्तान में आम चुनावों से ठीक पहले इमरान खान को दोहरा झटका लगा. साइफर केस में 10 साल की सजा सुनाई गई और तोशाखाना केस में 14 साल की कैद का फैसला सुनाया गया.
  • फरवरी 2024- इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को गैर-इस्लामिक निकाह (इद्दत केस) में भी 7 साल की सजा सुनाई गई.
  • जून 2024- इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने साइफर केस में इमरान खान को बरी कर दिया, फिर भी अन्य मामलों के कारण वे जेल में ही रहे.
  • दिसंबर 2025- तोशाखाना-II मामले में एक बार फिर इमरान खान और उनकी पत्नी को अदालत ने 17 साल की कैद की सजा सुनाई.

किन मुख्य आरोपों में जेल में हैं इमरान खान?

इमरान खान पर दर्ज दर्जनों मामलों में से मुख्य तौर से चार बड़े मामले हैं. इस वजह से वह आज जेल की सलाखों के पीछे हैं.

अव्वल तो तोशाखाना मामला है. आरोप है कि प्रधानमंत्री रहने के दौरान उन्हें विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से मिले महंगे महंगे तोहफों को उन्होंने बेहद सस्ते दामों में खरीदा और बाद में बाजार में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाया.

इमरान खान अल-कादिर ट्रस्ट केस में भी आरोपी हैं. इस मामले में आरोप है कि इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने एक रियल एस्टेट कारोबारी को फायदा पहुंचाने के बदले अरबों रुपये की जमीन अल-कादिर ट्रस्ट के नाम पर हासिल की.

साइफर मामले में भी सजा मिल चुकी है. अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत द्वारा भेजे गए एक गोपनीय राजनयिक संदेश (साइफर) का राजनीतिक इस्तेमाल करने और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है .

इमरान खान पर 9 मई 2023 को इमरान की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा, पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय (GHQ) और कोर कमांडर हाउस पर हमलों को भड़काने के लिए इमरान खान पर साजिश रचने के मुकदमे चल रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पाक पत्रकार ने किया इमरान खान की मौत का दावा, सेना ने बताया बकवास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Imran Khan, Imran Khan Health, PTI Chief Imran Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com