विज्ञापन
This Article is From Mar 13, 2011

जापान में विकिरणग्रस्त 15 व्यक्ति अस्पताल में

मास्को: जापान में आए विनाशकारी भूकम्प के कारण फुकुशिमा परमाणु विद्युत संयंत्र के क्षतिग्रस्त होने के बाद विकिरण ग्रस्त कम से कम 15 व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी क्योडो ने रविवार को दी है। समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार जापान की आधिकारिक रिपोर्टों में कहा गया है कि शनिवार को इस संयंत्र के रिएक्टर संख्या एक में एक जोरदार विस्फोट हुआ था, जिसके कारण रिएक्टर की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई थी। लेकिन परमाणु रिएक्टर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।  यह विस्फोट देश के उत्तर पूर्वी हिस्से में शुक्रवार को आए नौ तीव्रता वाले भूकम्प के बाद हुआ था। भूकम्प में 1,000 से अधिक लोगों के मारे जाने का अनुमान है। प्रशासन ने रविवार को भूकम्प की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर पूर्व के 8.9 के बदले बढ़ा कर नौ कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि रिएक्टर को ढके हुए स्टील के एक कंटेनर ने इसे विस्फोट से बचा लिया। अधिकारियों ने कहा है कि विस्फोट के बाद हालांकि संयंत्र के चारों ओर खाली कराए जाने वाले इलाके का दायरा 10 किलोमीटर से बढ़ा कर 20 किलोमीटर कर दिया गया और स्थानीय नागरिकों में आयोडीन का वितरण शुरू कर दिया गया। आयोडीन रेडियोएक्टिव विकिरण से शरीर की रक्षा करता है। फुकुशिमा प्रांत के अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों की खिड़कियां बंद रखें, एयरकंडीशनर बंद रखे और घरों से बाहर न निकलें। समाचार एजेंसी क्योडो ने जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव युकियो एडनो के हवाले से कहा है कि फुकुशिमा संयंत्र के एक अन्य रिएक्टर में भी आपात प्रशीतक प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया है। इस कारण अधिक तापमान के चलते एक और विस्फोट का भय बना हुआ है। एडनो ने कहा कि रिएक्टर संख्या तीन से रेडियोएक्टिव वाष्प निकलने की प्रक्रिया जारी है।  जापान में शुक्रवार को आए भूकम्प व सुनामी के बाद फुकुशिमा संयंत्र का यह छठा रिएक्टर है, जिसकी प्रशीतक प्रणाली बंद होने वाली है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com