पाकिस्तान में एक शख्स ने अपनी पत्नी और बच्चों को दस साल से ज्यादा समय तक घर पर बंधक बनाकर रखा और उनका उत्पीड़न किया. पाकिस्तान पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार किया है. शख्स की पत्नी फ्रांस की नागरिक है. आरोपी का एक बेटा चुपके से घर से भागने में कामयाब रहा. इसी लड़के की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला और बच्चों को आजाद कराया.
10 साल से घर में किया कैद
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांस की नागरिक सिल्वी यास्मीना का आरोप है कि आरोपी अपने परिवार के साथ रोजाना शारीरिक और मानसिक हिंसा करता था. महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति बेहद हिंसक प्रवृत्ति का था.
एक बेटा कैद से भागा और पुलिस से की शिकायत
आरोपी के बेटों में से एक चुपके से बाहर निकलकर पुलिस में शिकायत करने में कामयाब रहा, जिसके बाद पहाड़ी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक दूर-दराज कस्बे 'बारा' में स्थित उनके घर पर छापा मारा गया. पुलिस को यास्मीना और उनके पांच बच्चे एक तंग और 'बेहद जर्जर कमरे' में मिले और उनके शरीर पर चोट के निशान थे.
यास्मीना और उनके बच्चों को पेशावर के एक महिला आश्रय गृह में ले जाया गया है. पुलिस का कहना है कि वे वापस फ्रांस जाने की योजना बना रहे हैं. 54 साल की यास्मीना ने बताया कि उनके पति ने परिवार को तब से 'एक तरह से कैद' कर रखा था, जब वे 2014 में ऑस्ट्रेलिया से पाकिस्तान आए थे.
किसी से मिलने की नहीं थी इजाजत
महिला और बच्चों को किसी से मिलने की इजाजत नहीं थी, उनके दो बड़े बच्चों की पढ़ाई छूट गई थी, जबकि तीन छोटे बच्चे पाकिस्तान में पैदा हुए थे और उन्हें कभी स्कूल में दाखिला नहीं दिलाया गया था.
अधिकारियों ने यास्मीना के पति की पहचान उजागर नहीं की है. वह पाकिस्तान का नागरिक है और जब वे दोनों मिले थे, तब वह ऑस्ट्रेलिया में गैर-कानूनी रूप से रह रहा था. उन्होंने 2003 में शादी की और 2014 तक ऑस्ट्रेलिया में रहे, जिसके बाद वे अपने दो बड़े बच्चों के साथ पाकिस्तान आ गए. यास्मीना का दावा है कि तब से बाहरी दुनिया से उनका कोई संपर्क नहीं रहा है.
पुलिस को दिए अपने बयान में यास्मीना ने कहा, 'हमसे हमारी आजादी छीन ली गई थी. मेरे पति ने एक पति और मेरे बच्चों के पिता के तौर पर हमारी वैसी देखभाल नहीं की, जैसी उन्हें करनी चाहिए थी. वह हमें मारते-पीटते थे और रोजाना हमारी जिंदगी पर दबाव डालते थे.मुझे लगा कि मेरा भविष्य तो पहले ही बर्बाद हो चुका है, बच्चों का भविष्य भी बर्बाद हो जाएगा.'
यह भी पढ़ें: मोसाद ने जिनेवा में आसिम मुनीर को मारने की रची थी साजिश, ब्राजील के पत्रकार का बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं