- ओमान के को-पायलट ने गाजा के बदले के लिए इजरायली यात्रियों से भरी फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश की थी
- भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमाम ने नुकीले हथियार से हमला किया, जिससे उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया था
- अल-हम्ममी ने प्लेन को जॉर्डन के हवाई क्षेत्र के पार जाकर एयरपोर्ट या खड़े विमान से टकराने की योजना बनाई थी
ओमान के को-पायलट हमाम अल-हम्ममी ने गाजा का बदला लेने के लिए इजरायली यात्रियों से भरी प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी. हमाम अल-हम्ममी ने पिछले हफ्ते दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर नुकीले हथियार से बेरहमी से हमला किया और फिर प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी. इजरायल के एक टीवी न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार जांचकर्ताओं ने बताया कि पूछताछ में बताया है कि वह गाजा का बदला लेना चाहता था, वह शहीद की तरह मरना चाहता था.
दूसरी तरफ NDTV को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ओमानी को-पायलट के हमले में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार हमले की खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया है. हमले के दौरान मच्छार को 'डिप्रेस्ड फ्रैक्चर' हुआ था. सऊदी अरब में उनका इमरजेंसी इलाज हुआ, जहां डॉक्टरों ने उनकी खोपड़ी की सर्जरी की और उसके बाद उन्हें UAE ले जाया गया था.
गाजा का बदला लेने निकलता था अल-हम्ममी
अल-हम्ममी फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में है और पूछताछ का सामना कर रहा है. 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के अनुसार अल-हम्ममी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसकी प्लानिंग थी कि वह कैप्टन को रास्ते से हटाने के बाद फ्लाइट को सामान्य रूप से उड़ाए, लैंडिंग की सभी जरूरी मंजूरी ले ले और फिर एयरपोर्ट की किसी बिल्डिंग या खड़े विमान से अपने प्लेन को क्रैश कर दे.
लेकिन भारतीय पायलट ने कर दिया नाकाम
उसकी कोशिशें तब नाकाम हो गईं जब भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने, अल-हम्ममी के हमले और नुकीले हथियार के जख्मों के बावजूद, कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की. इससे इजरायली यात्रियों का एक ग्रूप कॉकपिट के अंदर आ गया और हमलावर से भिड़कर उसे काबू में कर सका. उनमें से एक व्यक्ति ने प्लेन को संभाले रखा, और फिर प्लेन में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने आकर कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया.
इस प्लेन में 170 से ज्यादा यात्री और क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से ज्यादातर इजराइली थे. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि संदिग्ध व्यक्ति इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था और उसने प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने शुक्रवार को खबर दी थी कि ओमान के अधिकारियों ने हमलावर पायलट को पहले ही प्लेन उड़ाने से बैन कर दिया था क्योंकि उन्हें शक था कि उसने कट्टरपंथी विचारधारा अपना ली है.
नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल इस बात की जांच करेगा कि को-पायलट को देश के लिए उड़ान भरने की मंजूरी कैसे मिली. नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज से कहा, "हमारे नियम कहते हैं कि आप उन देशों के पायलट नहीं रख सकते जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं."
यह भी पढ़ें: फ्लाईदुबई हादसे से पैदा हुए सवाल, कैसे करेंगे कट्टरपंथी पायलट की जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं