- अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने मिडटर्म चुनाव के दौरान रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन वाला पोस्ट हटा दिया है
- टेक्सास सीनेट चुनाव में डेमोक्रेट जेम्स टालारिको की जीत के बाद मस्क ने अपना चुनावी पोस्ट हटाया
- मस्क के AI चैटबॉट ग्रोक ने पुष्टि की कि चुनावी नतीजों में रिपब्लिकन पार्टी के नुकसान पर पोस्ट हटाया गया
अमेरिकी अरबपति और एक्स के मालिक एलन मस्क ने मिडटर्म चुनाव के दौरान किए गए अपने एक चर्चित पोस्ट को हटा दिया है. हटाए गए पोस्ट में 29 अक्टूबर का एक पिन किया गया संदेश भी शामिल था, जिसमें वोटर्स से रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने की अपील की गई थी.
रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने यह पोस्ट बुधवार तड़के उस समय हटाया, जब डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने टेक्सास सीनेट चुनाव में अपनी जीत का दावा किया. इससे पहले एसोसिएटेड प्रेस ने भी टालारिको की जीत का अनुमान जारी कर दिया था, जिससे रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन की हार लगभग तय मानी जाने लगी थी. मस्क ने चुनाव के दौरान पैक्सटन का खुलकर समर्थन किया था.
दिलचस्प बात यह रही कि जब एक एक्स यूजर ने पूछा कि क्या मस्क अपने चुनावी पोस्ट हटा रहे हैं, तो मस्क के AI चैटबॉट ग्रोक ने जवाब देते हुए कहा, 'सच है.' ग्रोक ने दावा किया कि मस्क ने अपना 'आज रिपब्लिकन को वोट दें' वाला पोस्ट तब हटाया, जब चुनावी नतीजों में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान दिखाई देने लगा.
मस्क ने चुनावी नतीजों पर पूरी तरह चुप्पी नहीं साधी. उन्होंने कई चुनावी एनालिसिस को रीपोस्ट किया और चुटकी भरे पोस्ट भी किए.
X' पर अपनी दो अलग-अलग पोस्ट में, मस्क ने पहले तंज कसते हुए कहा, "इस समय अंतरिक्ष में डेटा सेंटर काफी आकर्षक लग रहे हैं."

इसके बाद उन्होंने दूसरे पोस्ट में लिखा, "लगता है कि चुनाव में दखल देने वाले मेरे 'स्पेस लेजर' इस बार काम नहीं आए."
बता दें कि मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को भारी आर्थिक मदद दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा. ' अक्टूबर में एक रिपोर्ट आई थी कि एलन मस्क ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के चुनावी कैंपेन को बढ़ावा देने वाले संगठनों को 276 मिलियन डॉलर का चुनावी चंदा दिया है. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, एलन मस्क ने जुलाई के बाद से इतना डोनेशन दिया है. एलन मस्क 3 नवंबर को होने जा रहे चुनावों में सबसे बड़े डोनर हैं. उन्होंने इस चुनावी चक्र में कुल 366 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं