40 साल पहले जो शख्स प्राइमरी स्कूल में टीचर था, वह आज खरबों की संपत्ति का मालिक है. हम बात कर रहे हैं माइकल माई की. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में प्राइमरी स्कूल के टीचर के बाद फैक्ट्री में काम करने और अब अपनी कंपनी चलाने वाले माइकल माई, कंपनी के स्टॉक मार्केट में लिस्ट होने के बाद अरबपति बन गए हैं. उनकी कंपनी टेक कंपनियों को टेप और अन्य चिपकने वाले उत्पाद (एडहेसिव प्रोडक्ट्स) बेचती है. उनकी कहानी जब्जे और हार न मानने की कहानी है.
'क्राउन न्यू मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी' के चेयरमैन और CEO, माइकल माई मंगलवार को अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए. उनकी कंपनी टेस्ला और एप्पल जैसे बड़े ब्रांडों के लिए बाइंडिंग एजेंट बनाती है और इसने शेनझेन स्टॉक एक्सचेंज में अपनी ट्रेडिंग की शुरुआत की. शेनझेन स्टॉक एक्सचेंज चीन का दूसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है.
इस एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के शेयरों में 787% तक की भारी उछाल आई. स्टॉक फाइलिंग के समय एक शेयर की कीमत 16.98 युआन थी, जो बढ़कर 150.58 युआन प्रति शेयर के स्तर तक पहुंच गई.
चीन में टीचर थे, आज अरबपति ऑस्ट्रेलियाई नागरिक
62 साल के माइकल माई ऑस्ट्रेलिया के नागरिक हैं लेकिन वह हांगकांग के स्थायी निवासी हैं. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार उनकी अनुमानित नेट वर्थ 2.5 अरब डॉलर है, जो कंपनी में उनकी हिस्सेदारी पर आधारित है. भारतीय करेंसी में यह रकम 2 खरब 36 अरब 22 करोड़ 50 लाख रुपये के आसपास बैठती है. उनकी 64 साल की बहन माई हुइक्सिया इस कंपनी में वाइस-चेयरपर्सन हैं और वो भी अरबपति बन गईं. फोर्ब्स के मुताबिक उनकी हिस्सेदारी से उनके पास 2 अरब डॉलर की दौलत हो गई.
साल 1985 में, माई माइकल ने एडहेसिव मटेरियल का बिजनेस शुरू किया था. इससे पहले वह चीन के झोंगशान के एक प्राथमिक विद्यालय में टीचर थे. 1985 से माई माइकल ने कारखानों में काम किया और फिर एडहेसिव टेप (चिपकने वाली टेप) बनाने वाली एक यूनिट का कामकाज संभाला. फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार माई माइकल की बेटी माई क्रिस्टल 'क्राउन न्यू मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी' की बोर्ड मेंबर हैं. इसके अलावा, माई माइकल की अन्य बेटियों, उनकी पत्नी और माई हुइक्सिया की बेटी के पास भी अप्रत्यक्ष रूप से 'क्राउन न्यू मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी' के शेयर हैं.
कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, चीन में इसके 4 और वियतनाम में 1 कारखाने हैं. यह कंपनी ऐसे पुर्जे बनाती है जो अलग-अलग चीजों को आपस में जोड़ते हैं, जैसे गाड़ी की छत से लेकर स्मार्टफोन के चिप तक.
यह भी पढ़ें | रॉकेट बना शेयर मार्केट, ट्रंप की हार के बाद खुलते ही 1400 अंक उछला सेंसेक्स, निवेशकों की दिवाली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं