विज्ञापन

मिस्र में 2 ट्रेनों की टक्कर से भीषण हादसा! 7 की मौत, 100 लोग घायल

दो ट्रेनों के आपस में टकराने का यह हादसा तब हुआ, जब गीजा-फयूम ट्रेन, काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकरा गई. काहिरा-असवान ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी थी और उसी दिशा में जा रही थी.

मिस्र में 2 ट्रेनों की टक्कर से भीषण हादसा! 7 की मौत, 100 लोग घायल
मिस्र में दो ट्रेनों की टक्कर से बड़ा हादसा.
Photo: X@EliAfriatISR

मिस्र की राजधानी काहिरा के साउथ इलाके में रविवार को दो ट्रेनों की टक्कर से भीषण हादसा हो गया है. इस घटना में सात लोगों के मारे जाने खबर आ रही है और 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वालों में ट्रेन का कंडक्टर भी शामिल था. परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दक्षिण में गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुआ है. यहां दक्षिण-पश्चिमी फयूम प्रांत की तरफ जा रही एक ट्रेन, दक्षिणी प्रांत असवान की ओर जा रही एक दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई.

चीफ प्रॉसिक्यूटर ऑफिस ने रविवार देर रात बताया कि उनके अधिकारी हादसे वाली जगह पर पहुंच चुके हैं. अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि यह हादसा तब हुआ, जब गीजा-फयूम ट्रेन, काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकरा गई. काहिरा-असवान ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी थी और उसी दिशा में जा रही थी.

क्या है हादसे के पीछे की वजह?

मिस्र में ट्रेनों का पटरी से उतरना और हादसे होना आम बात है, क्योंकि वहां की रेलवे व्यवस्था में अच्छे मैनेजमेंट का न होना और उपकरणों के खराब रखरखाव का पुराना इतिहास रहा है. हाल के वर्षों में, सरकार ने रेलवे को बेहतर बनाने के लिए आधुनिकीकरण की पहल का ऐलान किया है.

अल-अय्यात के काफ्र गिरजा के रहने वाले अयमन जमाल ने बताया कि आसपास रहने वाले लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, बचे हुए लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस को बुलाया.

जमाल ने बताया कि उन्होंने देखा कि करीब 80 घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया. उन्होंने कहा कि कुछ यात्री खड़ी ट्रेन के एक डिब्बे में फंस गए थे और जब उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने इस हादसे की तुरंत जांच के आदेश दिए हैं.

मिस्र की रेलवे अथॉरिटी ने बताया कि मलबे को हटाने और ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए इमरजेंसी टीमों और क्रेन को हादसे वाली जगह पर भेजा गया.

पिछले साल सितंबर में, इसी जिले में मालगाड़ियों की टक्कर के बाद एक ट्रेन ड्राइवर और उसका असिस्टेंट घायल हो गए थे.

मिस्र का सबसे भीषण ट्रेन हादसा साल 2002 में हुआ था, जब रात के वक्त काहिरा से दक्षिणी मिस्र जा रही एक ट्रेन में आग लगने से 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Egypt, Train Accident News, Train Collision, Egyptian Railway Authority, Giza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com