विज्ञापन

तेल से भरा ट्रक पलटा फिर विस्फोट, रोड के चारों तरफ लगी आग; काहिरा में मची तबाही, 30 की मौत 15 घायल

एक ट्रक डिवाइडर से टकराया, पलटा और फिर हुआ ऐसा विस्फोट कि देखते ही देखते पूरा इलाका आग की चपेट में आ गया. मिस्र के गीजा में हुए इस भीषण हादसे में 30 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी गईं.

तेल से भरा ट्रक पलटा फिर विस्फोट, रोड के चारों तरफ लगी आग; काहिरा में मची तबाही, 30 की मौत 15 घायल
मिस्र में भीषण हादसा, गीजा टनल के ऊपर लगी आग में 30 लोगों की मौत
अल्टर्ड बाय NDTV
  • ट्रक पलटा, हुआ विस्फोट और मच गई तबाही; गीजा से सामने आई दर्दनाक तस्वीर
  • गीजा में ट्रक हादसे के बाद लगी आग, 30 लोगों की मौत, 39 एम्बुलेंस राहत कार्य में जुटीं
  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने बढ़ाया अलर्ट, घायलों का इलाज जारी
काहिरा:

मिस्र के गीजा गवर्नरेट में स्थित अशारा टनल के ऊपर बुधवार को हुआ एक भीषण सड़क हादसा बड़े अग्निकांड में बदल गया. अधिकारियों के अनुसार एक ट्रक सेंट्रल डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिसके बाद विस्फोट हुआ और आग लग गई. हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए. घायलों को जाएद स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल, इमबाबा जनरल हॉस्पिटल और वार्राक सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. राहत कार्य के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं और स्वास्थ्य मंत्रालय ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है.

आसमान दिखा धुएं का गोला, आसपास की बिल्डिंग तक पहुंची आग

घटना के वीडियो फुटेज में घनी आबादी वाले अल-वार्राक इलाके के ऊपर आसमान में आग का विशाल गोला और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है. हादसे के दौरान सड़क पर मौजूद लोग हॉर्न बजाते हुए और जान बचाने के लिए भागते नजर आए. आसपास की इमारतों तक आग पहुंची लेकिन वे चपेट में आने से बच गईं. सरकारी मीडिया के अनुसार, हादसा तब हुआ जब ईंधन से लदा एक ट्रक काहिरा रिंग रोड पर पलट गया. यह हाइवे राजधानी के विभिन्न हिस्सों को जोड़ता है और हमेशा काफी व्यस्त रहता है. वहीं हादसे के बाद जले हुए वाहन दिखाई दिए, जबकि दमकलकर्मी ट्रक के मलबे पर पानी डालकर आग बुझाने में जुटे हुए हैं.

30 लोगों की मौत, 15 घायल; 39 एम्बुलेंस राहत कार्य में जुटीं

मिस्र के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने बताया कि प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है. घायलों की संख्या 15 बताई गई है. सभी घायलों को उपचार के लिए जायेद स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल, इमबाबा जनरल हॉस्पिटल और वार्राक सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. जिन शवों की पहचान मुश्किल हो रही है, उनके लिए डीएनए परीक्षण कराए जा रहे हैं. हादसे के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 39 एम्बुलेंस राहत एवं बचाव कार्य में लगाई गईं. आपातकालीन चिकित्सा दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया.

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने घटना के बाद मंत्रालय के केंद्रीय संकट नियंत्रण कक्ष और आसपास के अस्पतालों में हाई अलर्ट घोषित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अपने दो उपमंत्रियों मोहम्मद अल तैयब और अम्र कंदील को घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा कर हालात की निगरानी करने के निर्देश दिए.

मंत्रालय ने कहा कि संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे.

मिस्र में सड़क हादसे बड़ी चुनौती

मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष देश में सड़क हादसों में करीब 6,000 लोगों की मौत हुई थी. वहीं एक वर्ष पहले भी 5,200 से अधिक लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाई थी. इस साल अगस्त में भी उत्तरी मिस्र में दो पिकअप वाहनों की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें कई युवा वर्कर शामिल थे.

यह भी पढ़ें : चंद सेकंड में आग का गोला बना यात्री विमान; ईरान के एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक, 9 महीने बाद सामने आया वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Egypt Fire, Giza, Truck Explosion, Fuel Tanker Fire, Cairo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com