- दुबई में ईरानी हमलों के कारण होटल के स्टाफ ने मेहमानों को बेसमेंट में छिपा दिया.
- मिया प्लेनर नामक कंटेंट क्रिएटर ने दुबई में हुए मिसाइल हमलों का वीडियो साझा किया है
- दुबई के नामी होटल में सैकड़ों लोग बेसमेंट में पूल लाउंज मैट्रेस पर लेटे हुए रात बिताने के लिए मजबूर
27 फरवरी से शुरू हुआ ईजरायल-ईरान युद्ध अब अपने चरम पर है. अमेरिका की मदद से इजरायल ईरान को तबाह करने पर तुला है तो वहीं ईरान भी इजरायल पर हमले के साथ मिडिल ईस्ट के देशों में अमेरिकी सैन्य बेसों को निशाना बना रहा है. दुबई में ईरान का लगातार आसमानी हमला वहां रह रहे लोगों को डरा रहा है. इस बीच दुबई का ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यहां ईरानी अटैक से बचाने के लिए एक होटल ने अपने मेहमानों को सुरक्षित निकालने के लिए पार्किंग बेसमेंट में ले गया. मिया प्लेनर नाम की कंटेंट बनाने वाली महिला ने इसका पूरा वीडियो डाला है जिसमें उन्होंने हर एक बात बताई है. उन्होंने यह भी शेयर किया कि ईरान से आने वाली मिसाइलों ने मेहमानों के साथ उन्हें भी डरा दिया है.
कंटेंट बनाने वाली महिला ने सुनाई दास्तां
ईरान अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद से और बौखला गया है. दुबई में उसके लगातार हमले इस बात का सबूत हैं. इस बीच दुबई के ‘फाइव पाम जुमेराह' होटल के लोगों को हमले से बचाने के लिए स्टाफ ने मेहमानों को कार पार्किग के बेसमेंट ले आए. इसका वीडियो शेयर करते हुए एक कंटेंट क्रिएटर मिया प्लेनर ने बताया कि यह रात बहुत चौंकाने वाली थी और इससे पहले उन्होंने ऐसा कुछ कभी नहीं देखा था.
मिया प्लेनर ने वीडियो की मदद से बताया कि हमला शुरू होने के समय वह दिन में एक बोट पर थीं. अचानक उन्होंने आसमान में मिसाइलें उड़ती देखीं और समझ गईं कि हालात गंभीर हैं. उन्होंने कहा, ‘हम बोट पर थे जब मिसाइलें चलनी शुरू हुईं, तभी हमें पता चला कि फेयरमोंट होटल पर हमला हुआ है, जो बेहद डरावना था. आसमान से एक के बाद एक मिसाइलें गिर रही थीं.
सैकड़ों लोग बेसमेंट में
उसी शाम मिया प्लेनर अपने होटल ‘फाइव पाम जुमेराह' वापस लौटीं थीं. उन्होंने बताया कि होटल के स्टाफ ने सुरक्षा के लिए मेहमानों को बेसमेंट पार्किंग में ले जाने का फैसला किया. यह निकासी (evacuation) स्वैच्छिक थी, लेकिन अधिकांश लोग सुरक्षित जगह पर जाना चाहते थे.मिया की ओर से साझा किए गए वीडियो में सैकड़ों लोग बेसमेंट में फर्श पर रखी पूल लाउंज मैट्रेस पर लेटे दिखाई दे रहे थे. कई परिवार अपने बच्चों के साथ पूरी रात वहीं रुके रहे. स्टाफ ने लोगों को पानी और तौलिए दिए ताकि उन्हें थोड़ी सुविधा मिले.
यह भी पढ़ें- खामेनेई की मौत पर श्रीनगर की सड़कों पर मातम क्यों? लोग बोले- कर्बला फिर दोहराया गया
मिया प्लेनर ने आगे बताया कि यह मेरे जीवन का सबसे अजीब और अविश्वसनीय अनुभव था. मैं वहां घूम रही थी और हर जगह सैकड़ों लोग बिस्तरों पर लेटे हुए थे।' उन्होंने बताया कि मेहमान रात लगभग 12 बजे से सुबह 5 बजे तक बेसमेंट में रहे. इसके बाद स्टाफ ने उन्हें वापस कमरों में जाने की अनुमति दी.
बता दें कि शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हवाई हमले किए, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे. इसके जवाब में ईरान ने प्रतिक्रिया देने की घोषणा की और यूएई, कतर, कुवैत और अन्य क्षेत्रों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर चुका है.
यह भी पढ़ें- 'ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन अब बहुत देर हो गई है'- ट्रंप का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं