- ट्रंप सरकार ने व्हाइट हाउस वेबसाइट पर ‘आर्केड’ नामक एक नया सेक्शन शुरू किया है जिसमें पांच वीडियो गेम शामिल
- ये ट्रंप की नीतियों और एजेंडे को दर्शाने वाले खेल हैं जिनमें प्रवासियों को पकड़ना और दीवार बनाना शामिल है
- व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर इन गेम्स का प्रचार किया है
डोनाल्ड ट्रंप की सरकार बनने के बाद से अमेरिका में इमिग्रेशन पॉलिसी सख्त हुई है. कई बार उसपर अमानवीय होने का आरोप लगा है, ट्रंप के ICE एजेंट्स पर सीधे गोली मारने तक के आरोप हैं. इन सबके बीच भी ट्रंप सरकार विवादित वीडियो गेम लेकर आई है. प्रवासियों को पकड़ना गेम बन गया है, यहां दीवार बनाने पर पॉइंट मिलेंगे. दरअसल डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर ‘आर्केड' लॉन्च किया है.
व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर गुरुवार को ‘आर्केड' नाम का एक नया सेक्शन शुरू किया गया. इसमें पांच ऐसे वीडियो गेम हैं, जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अलग-अलग नीतियों और उनके एजेंडे को दिखाते हैं. ये गेम कम क्वालिटी वाले वीडियो गेम जैसे दिखते हैं.
5 गेम क्या क्या हैं?
- ‘बिल्ड द वॉल' गेम ‘टेट्रिस' जैसा है. इसमें पुराने गेम को इस तरह बदला गया है कि खिलाड़ी को आने वाली भीड़ से बॉर्डर की रक्षा करने के लिए दीवार बनानी है.
- ‘रियो रन' गेम मोबाइल के मशहूर गेम ‘स्नेक' जैसा है. इसमें ट्रंप जैसी दिखने वाली एक तस्वीर स्क्रीन पर घूमती है और बॉर्डर पार करने की कोशिश करने वाले लोगों को इकट्ठा करती है.
- ‘सप्लाई लाइन' गेम आर्केड गेम ‘टैपर' के छोटे रूप जैसा दिखता है. इसमें खाना एक लाइन पर आगे बढ़ता रहता है और खिलाड़ी को उन चीजों को हटाना होता है, जो “मेक अमेरिका हेल्दी अगेन” यानी “अमेरिका को फिर से स्वस्थ बनाओ” के नियमों पर खरी नहीं उतरतीं.
इन पांच में से दो गेम अमेरिका की राजधानी के आसमान में खेले जाते हैं.
- ‘फ्लैपी बिल' में एक बाज एक बिल को नेशनल मॉल के ऊपर से लेकर जाता है.
- ‘ट्रंप सेविंग्स टाइकून' में खिलाड़ी का टारगेट हवा में उड़ते पैसों को इकट्ठा करना है. इसका मकसद अपने बच्चों के ट्रंप अकाउंट भरना है. यह ट्रंप सरकार की बचत योजना है, जिसके तहत ट्रंप के कार्यकाल में पैदा होने वाले हर बच्चे को 1,000 डॉलर देने की योजना है.
व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर ‘आर्केड' का ऐलान किया. इसके लिए एक्सबॉक्स, प्लेस्टेशन और निंटेंडो के गेम शुरू होने वाली स्क्रीन की नकल करते हुए कई छोटे एनिमेशन भी पोस्ट किए गए.
ऐसी ही एक पोस्ट में ‘सीगा' का लोगो बदलकर ‘MAGA' कर दिया गया. MAGA ट्रंप के नारे “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन” यानी अमेरिका को फिर से महान बनाओ का छोटा रूप है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं