- डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ लड़ाई पूरी होने की बात कही लेकिन रणनीति पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी
- ट्रंप ने जमीनी स्तर पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती और डिप्लोमैटिक रास्ते पर कोई साफ बयान नहीं दिया
- होर्मुज स्ट्रेट का जिक्र करते हुए ट्रंप ने मिडिल ईस्ट के तेल निर्यात को फिर से खोलने की बात कही
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को लेकर लगातार अपने पुराने दावों को दोहरा रहे हैं. इसे लेकर अब अमेरिकी मीडिया में भी असंतोष देखने को मिल रहा है. अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ लड़ाई पूरी होने वाली है, लेकिन उन्होंने रणनीति, लड़ाई को बढ़ाने और लड़ाई के अंत को लेकर जरूरी सवालों के जवाब नहीं दिए. अमेरिकी मीडिया ने ईरान को लेकर ट्रंप की रणनीति पर गहरी निराशा जाहिर की है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ने इस बारे में कोई साफ बात नहीं कही कि ईरान में जमीनी स्तर पर अमेरिका के सैनिक तैनात किए जाएंगे या नहीं.
द न्यूयॉर्क टाइम्स और द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में बताया गया कि ट्रंप ने किसी भी डिप्लोमैटिक रास्ते या बाहर निकलने की रणनीति के बारे में बताने से भी परहेज किया. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई दो से तीन हफ्ते और चल सकती है.
होर्मुज स्ट्रेट का भाषण में ट्रंप ने किया जिक्र
ट्रंप ने रणनीतिक होर्मुज स्ट्रेट का थोड़ा सा जिक्र किया और कहा कि दूसरे देशों को, खासकर जो मिडिल ईस्ट के तेल पर निर्भर हैं, इसे फिर से खोलने के लिए आगे आना चाहिए. हम मदद करेंगे लड़ाई खत्म होने के बाद रास्ता अपने आप खुल जाएगा.
द वॉशिंगटन पोस्ट के लाइव कवरेज के मुताबिक, ईरान के राजनीतिक भविष्य को लेकर ट्रंप ने कहा कि सत्ता परिवर्तन अमेरिका का मकसद नहीं था. द न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि ट्रंप के संबोधन में ईरान के उभरते लीडरशिप स्ट्रक्चर या मुजतबा खामेनेई जैसे लोगों का जिक्र नहीं था. अमेरिकी मीडिया ने ईरान में वरिष्ठ अधिकारियों की मौत के बाद मुजतबा को एक खास पावर सेंटर के तौर पर पहचाना गया है.
ग्राउंड ऑपरेशन को लेकर भी साधी चुप्पी
ट्रंप ने इस बारे में भी कुछ नहीं कहा कि क्या अमेरिका ईरान के न्यूक्लियर मैटीरियल को सुरक्षित करने की कोशिश करेगा, जबकि द न्यूयॉर्क टाइम्स के विश्लेषण के मुताबिक, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जमीन के नीचे दबे संवर्धित यूरेनियम को निकालने के लिए रिस्की ग्राउंड ऑपरेशन करने होंगे.
हालांकि ट्रंप ने इस दावे को दोहराया कि ईरान की सैन्य क्षमता में बहुत ज्यादा कमी आई है, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि तेहरान पूरे इलाके में मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे हुए है.
रिपोर्ट्स में बताए गए विश्लेषक ने कहा कि जमीनी कार्रवाई, होर्मुज सुरक्षा और युद्ध के बाद के गवर्नेंस पर खास जानकारी न होने से लड़ाई के अगले चरण के बारे में अनिश्चितता बनी हुई है. युद्ध अब अपने दूसरे महीने में है, बढ़ते खतरों, इलाके की स्थिरता और मिडिल ईस्ट में अमेरिका की लंबे समय की रणनीति पर सवाल उठा रहा है.
यह भी पढ़ें: 'अमेरिका की जिल्लत और उसके सरेंडर तक जंग जारी रहेगी'... ट्रंप को ईरान की आर्मी का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं