विज्ञापन

ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा- 90% खत्म हो चुके

US Iran War: मुजतबा खामेनेई 28 फरवरी के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं. यहां तक कि वह अपने पिता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भी सामने नहीं आए.

ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा- 90% खत्म हो चुके
US Iran War: मुजतबा खामेनेई को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा (फोटो- AFP)
  • डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा- ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई भी '90 प्रतिशत खत्म' हो चुके हैं
  • मुजतबा पद संभालने के बाद से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, पिता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भी नहीं
  • मुजतबा के लगातार गायब रहने से उनकी सेहत और वे कहां हैं, इस बारे में काफी अटकलें लगाई जा रही हैं

US Iran War Updates: डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान ने अपनी सैन्य ताकत के साथ-साथ अपने टॉप के कमांडरों को खो दिया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई भी '90 प्रतिशत खत्म' हो चुके हैं. यहा ध्यान देने वाली बात यह है कि मुजतबा पद संभालने के बाद से ही सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. वह पिछले हफ्ते अपने पिता और दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भी नहीं दिखे थे. 

ट्रंप ने क्या कहा है?

फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "उनके पास न तो नौसेना है और न ही वायु सेना, सब खत्म हो गया है. उनके एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम खत्म हो गए हैं, उनके सभी नेता मारे जा चुके हैं, उनके सबसे अच्छे नेता मारे जा चुके हैं." ट्रंप ने आगे दावा किया कि युद्ध में ईरान के बेस्ट नेता मारे गए हैं. राष्ट्रपति ने कहा, "वे खत्म हो गए हैं. खुमैनी खत्म हो गए हैं."

शायद यहां ट्रंप की जुबान फिसल गई है. उन्होंने 1989 में मरे ईरान के पहले सुप्रीम लीडर खुमैनी का नाम लिया, जबकि वे शायद अली खामेनेई की बात कर रहे थे, जो 28 फरवरी को युद्ध के पहले दिन मारे गए थे. ट्रंप ने आगे कहा, "उनका बेटा भी 90 प्रतिशत खत्म हो चुका है." यहां बात मौजूदा सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई की हो रही थी.

मुजतबा खामेनेई 28 फरवरी के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं. उसी दिन अमेरिका और इजरायल के हमलों में उनके पिता की भी मौत हुई थी और वे खुद घायल हो गए थे. उनके लगातार गायब रहने से उनकी सेहत और वे कहां हैं, इस बारे में लोगों के बीच काफी अटकलें लगाई जा रही हैं.

फिर से विकराल रूप ले रही जंग

ट्रंप की ये बातें तब सामने आईं जब अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हमले हुए शुरू हो गए हैं. अमेरिका ईरान की सीजफायर डील मुश्किल से 20 दिन टिकी. अमेरिका पिछले तीन रात से लगातार ईरान पर हमला कर रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने तो अपनी संसद को भी आधिकारिक तौर पर सूचित भी किया है कि पिछले हफ्ते ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू कर दी गई है. यानी ट्रंप 60 दिनों तक बिना संसद की मंजूरी के यह जंग जारी रख सकते हैं.

इसके उन्होंने अलग से यह भी ऐलान किया है कि अमेरिका होर्मुज का गार्जियन है और अमेरिका सुरक्षित रास्ता देने के लिए दूसरे जहाजों से पैसे (20 प्रतिशत टोल) लेगा. यानी ट्रंप ने दुनिया भर में नेविगेशन की आजादी का समर्थन करने वाले अमेरिका की सदियों पुरानी नीति बदल दी है. इसके जवाब में ईरान ने बहरीन और UAE से जुड़े दो टैंकरों पर हमला किया जो होर्मुज से गुजर रहे थे. इन हमलों में भारतीय मूल के एक नाविक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए. UAE ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दी, जिससे अबू धाबी और दुबई का तेहरान के साथ फिर से संघर्ष शुरू हो सकता है.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी मिसाइलों से लगातार तीसरी रात थर्राया ईरान, ट्रंप बोले- आज भी मारेंगे, कल भी मारेंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, Donald Trump, Mojtaba Khamenei
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com