विज्ञापन

अमेरिकी मिसाइलों से लगातार तीसरी रात थर्राया ईरान, ट्रंप बोले- आज भी मारेंगे, कल भी मारेंगे

US-Iran War News: ईरान भी शांत नहीं बैठा है. UAE ने कहा कि ईरान ने हॉर्मुज में दो जहाजों पर हमला किया. इस हमले में भारत के एक क्रू मेंबर की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए.

US Iran War: अमेरिका और ईरान में तनाव फिर चरम पर है (फोटो- NDTV)

US-Iran War Update: हॉर्मुज का पानी खौल रहा है और पूरी खाड़ी में जंग फिर से भड़की उठी है. अमेरिका ने ईरान पर लगातार तीसरी रात बड़े हमले किए हैं, तेल की कीमतें फइर से उछल गई हैं, और डोनाल्ड ट्रंप ने खुली चेतावनी दे डाली कि आज भी मारेंगे, कल भी मारेंगे. दुनिया को जो डर पहले था, वही डर फिर से होने लगा है. दुनिया की सबसे अहम समुद्री राह पर बढ़ते तनाव ने पूरे वैश्विक बाजार की चिंता बढ़ा दी है.

लगातार अटैक मोड में अमेरिका

अमेरिका ने मंगलवार, 14 जुलाई के तड़के ईरान पर एक बार फिर नए हमले किए. अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि भारतीय समय के अनुसार रात 2.15 बजे हमले शुरू हुए. यह लगातार तीसरी रात थी जब हमले किए गए. सेंटकॉम ने कहा, "इन हमलों से ईरानी सेना को भारी नुकसान होगा और हॉर्मुज में आम लोगों और व्यापारिक जहाजों पर हमला करने की उसकी क्षमता कमजोर होगी."

वहीं एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तेहरान के साथ समझौता अभी भी हो सकता है. लेकिन साथ ही ट्रंप ने ही सोमवार को एक इंटव्यू में कहा कि, "हम आज रात उन पर बहुत जोरदार हमला करेंगे और कल भी जोरदार हमला करेंगे." यानी अब ट्रंप पहले से बोलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं.

ईरान भी शांत नहीं बैठा है. मंगलवार तड़के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा कि ईरान ने हॉर्मुज में दो जहाजों पर हमला किया. इस हमले में भारत के एक क्रू मेंबर की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए. UAE के रक्षा मंत्रालय ने X पर लिखा, "देश के तेल टैंकर मोम्बासा और अल बहियाह पर ईरान की दो क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया. ये जहाज हॉर्मुज के दक्षिणी समुद्री रास्ते से गुजर रहे थे, जो ओमान के समुद्री क्षेत्र में आता है."

यह हमला ऐसे समय हुआ जब ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सोमवार को बहरीन, जॉर्डन, कुवैत और ओमान पर नए हमलों की घोषणा की थी. लड़ाई फिर बढ़ने की आशंका के कारण कच्चे तेल की कीमतें 9 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान ने हॉर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर दागी मिसाइलें, एक भारतीय नाविक की मौत, 8 अन्य घायल

अमेरिका का ऑपरेशन फइर शुरू- ट्रंप ने संसद को बता दिया

न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार, व्हाइट हाउस ने पुष्टि की कि पिछले हफ्ते ट्रंप ने औपचारिक रूप से अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को बताया कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान फिर शुरू कर दिया है. इससे अमेरिका के रक्षा विभाग को संसद की मंजूरी के बिना अगले 60 दिनों तक इस क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई करने की अतिरिक्त अनुमति मिल गई. ट्रंप ने नतांज के पास स्थित पिकऐक्स माउंटेन नाम की गहराई में बनी परमाणु साइट को भी नष्ट करने की धमकी दी. पश्चिमी देशों की खुफिया एजेंसियों को शक है कि ईरान वहां बिना घोषणा किए यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) की एक नई सुविधा बना रहा है.

ट्रंप ने ह्यू हेविट से कहा, "ईरानियों से कह दो कि तैयार रहें. उन्हें बता दो कि हम आ रहे हैं और वे इसे रोकने के लिए कुछ भी नहीं कर सकते."

ट्रंप का ऐलान- होर्मुज से वसूलेंगे 20 प्रतिशत टोल

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अब अमेरिका को हॉर्मुज का गार्जियन कहा जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस रास्ते से गुजरने वाले हर जहाज पर 20 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा. ट्रंप ने कहा कि ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी फिर होगी, लेकिन बाकी सभी देशों को हॉर्मुज से निष्पक्ष और खुला रास्ता मिलेगा.  ट्रंप के आदेश के बाद सेंटकॉम ने घोषणा की कि मंगलवार रात 8 बजे (जीएमटी) से ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी फिर शुरू की जाएगी.

दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप के इस टोल वाले बयान का तुरंत मजाक उड़ाया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बिल्कुल सही कह रहे हैं कि जो सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराए, उसे भुगतान मिलना चाहिए. लेकिन उन्होंने कहा कि तेहरान इससे कम टैक्स लेगा. उन्होंने लिखा, "20 प्रतिशत तो बहुत ज्यादा है."

बता दें कि अमेरिका लंबे समय से हॉर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाने की ईरान की इच्छा का कड़ा विरोध करता रहा है. अंतरराष्ट्रीय कानून भी आम तौर पर ऐसे शुल्क लगाने की अनुमति नहीं देता. लेकिन अब खुद ट्रंप टोल वसूलने का ऐलान कर चुके हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान ने नहीं उल्टा अमेरिका ने ही Hormuz में लगा दिया 20% का टोल! ट्रंप बोले- हम ही होर्मुज के गार्जियन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Attack On Iran, US Iran War 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com