- कीर स्टार्मर ने सोमवार को घोषणा की कि वह लेबर पार्टी के नेता और ब्रिटेन के पीएम पद से इस्तीफा देंगे
- ऊर्जा से लेकर अमेरिका के साथ रिश्तों को संभालने के तरीके में स्टार्मर ने खुद को बहुत नुकसान पहुंचाया- ट्रंप
- दोनों नेताओं के बीच साइप्रस में मौजूद ब्रिटिश सैन्य अड्डों के इस्तेमाल को लेकर भी मतभेद हुआ था
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार, 22 जून को ब्रिटेन के इस्तीफा देने वाले प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की जमकर आलोचना की. भारी दबाव के बीच लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. ऐसे में ट्रंप ने उनपर निशाना साधते हुए कहा कि ऊर्जा, प्रवासियों के मुद्दे (इमिग्रेशन), क्राइम और अमेरिका के साथ रिश्तों को संभालने के तरीके में स्टार्मर ने "खुद को बहुत नुकसान पहुंचाया है."
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं." लेकिन इसके बाद उन्होंने स्टार्मर पर ब्रिटेन की ऊर्जा नीति को गलत तरीके से संभालने का आरोप लगाया. ट्रंप ने कहा कि स्टार्मर ने नॉर्थ सी के तेल का पूरा इस्तेमाल नहीं किया और हर जगह पवन चक्कियां (विंडमिल) लगने दीं.
ट्रंप और स्टार्मर की खटपट
बता दें कि दोनों नेताओं के बीच साइप्रस में मौजूद ब्रिटिश सैन्य अड्डों के इस्तेमाल को लेकर भी मतभेद हुआ था. अमेरिका ईरान पर हमले करने के लिए साइप्रस के आरएएफ अक्रोटिरी सैन्य अड्डे का इस्तेमाल करना चाहता था. ट्रंप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ब्रिटेन ने इस अनुरोध को मंजूरी देने में बहुत ज्यादा समय लिया. ट्रंप ने कहा, "उन्होंने कहा था कि हम द्वीप का इस्तेमाल उतरने के लिए नहीं कर सकते. ऐसा पहली बार हुआ था."
उन्होंने आगे कहा कि बाद में स्टार्मर मान गए थे, लेकिन यह गलत फैसला था, जिसने उन्हें बहुत नुकसान पहुंचाया. ट्रंप ने कहा, "मैं उनके लिए शुभकामनाएं देता हूं. लेकिन उनके सामने दो समस्याएं हैं- ऊर्जा और इमिग्रेशन और क्राइम भी. लेकिन सबसे बड़ी समस्याएं ऊर्जा और आप्रवासन हैं. उन्होंने खुद को बहुत, बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाया है."
कीर स्टार्मर की क्यों गई कुर्सी
बता दें कि स्टार्मर ने सोमवार को घोषणा की कि वह लेबर पार्टी के नेता और पीएम पद से इस्तीफा देंगे, लेकिन नए पीएम के चुनाव तक पद पर बने रहेंगे. चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद उनकी लोकप्रियता और पार्टी के अंदर उनका प्रभाव लगातार कम हो रहा था. कई महीनों से पार्टी के सांसद उन पर दबाव बना रहे थे. लेबर पार्टी के अनुभवी नेता एंडी बर्नहम, जो पहले ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रह चुके हैं, उनके उत्तराधिकारी बनने के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. हाल ही में संसद में वापसी करने के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे स्टार्मर की जगह लेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं