विज्ञापन

कीर स्टार्मर ने ब्रिटिश PM के पद से इस्तीफा देने का किया ऐलान , 10 साल में छठे प्रधानमंत्री ने छोड़ी कुर्सी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्तीफा देने की पुष्टि की है. उनका कहना है कि उन्होंने किंग से बात की है और नए नेता के चुनाव तक केयरटेकर पीएम बने रहेंगे.

कीर स्टार्मर ने ब्रिटिश PM के पद से इस्तीफा देने का किया ऐलान , 10 साल में छठे प्रधानमंत्री ने छोड़ी कुर्सी
Keir Starmer Resign: कीर स्टार्मर ने ब्रिटिश पीएम के पद से इस्तीफा दिया
  • ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने पद से इस्तीफे का ऐलान किया है. नए नेता के चुनाव तक पद पर बने रहेंगे
  • स्टार्मर के बाद ब्रिटेन के पीएम पद और लेबर पार्टी के नेता की रेस में एंडी बर्नहम का नाम सबसे आगे है
  • पिछले 10 साल में कीर स्टार्मर छठे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो कुर्सी छोड़ने जा रहे हैं

ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने ऐलान कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं. अगले पीएम के चुने जाने तक वह इस पद पर बने रहेंगे. उन्होंने देश के नाम संबोधन में लोगों को बताया कि इस बारे में उन्होंने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से बात भी कर ली है. एंडी बर्नहम प्रधानमंत्री के पद पर बैठने और लेबर पार्टी के लीडर के तौर पर स्टार्मर की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे हैं.

इसके साथ ही ब्रिटेन में राजनीतिक अस्थिरता का दौर और आगे बढ़ गया है. पिछले 10 साल में कीर स्टार्मर छठे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो कुर्सी छोड़ने जा रहे हैं.

कीर स्टार्मर ने क्या ऐलान किया?

देश के नाम अपने संबोधन के आखिर में कीर स्टार्मर की आवाज भावुक होकर भर्रा गई. स्टारमर ने कहा, "अब मेरी पार्टी यह सवाल पूछ रही है कि क्या मैं अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति हूं. मैंने इस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुन लिया है और मैं उस जवाब को सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं."

फिर कीर स्टार्मर ने कहा है कि वे सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहे हैं. स्टार्मर ने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में नया लेबर नेता चुने जाने तक वे कार्यवाहक (केयरटेकर) प्रधानमंत्री के रूप में काम करते रहेंगे.

कीर स्टार्मर को क्यों छोड़नी पड़ी कुर्सी

कीर स्टार्मर पर पिछले कुछ दिनों में लगातार दबाव तेजी से बढ़ गया था कि वे लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दें, ताकि एंडी बर्नहम नए ब्रिटिश प्रधानमंत्री बन सकें. पिछले हफ्ते उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड उपचुनाव में एंडी बर्नहम ने दक्षिणपंथी प्रतिद्वंदी को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी. इस जीत के बाद प्रधानमंत्री पद के लिए उनका दावा और मजबूत हो गया था. अब उनको ही सत्ताधारी लेबर पार्टी का अगला नेता और ब्रिटेन का नया पीएम माना जा रहा है.

जुलाई 2024 के आम चुनाव में कीर स्टार्मर ने 174 सीटों के बड़े बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल पर कई विवाद छाए रहे हैं. इनमें लेबर पार्टी के सीनियर नेता पीटर मेंडलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत बनाना भी शामिल है, जबकि उनके दोषी यौन अपराधी जेफरी एप्सटीन से संबंधों की जानकारी पहले से थी.

इसके अलावा टैक्स और सामाजिक कल्याण योजनाओं (सोशल बेनिफिट्स) को लेकर सरकार के कुछ फैसलों और बाद में उन्हें बदलने (यू-टर्न लेने) से भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है. दूसरी तरफ, एंडी बर्नहम पहले कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. बाद में उन्होंने ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई. उपचुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत लेबर पार्टी के लिए "बदलाव का आखिरी मौका" है. उन्होंने वादा किया कि वे "ब्रिटेन के लिए एक नया रास्ता पेश करेंगे."

उन्होंने "ट्रिकल-डाउन इकोनॉमिक्स" को खत्म करने की भी मांग की. उनका कहना uw कि इस आर्थिक नीति का फायदा आम लोगों तक लगभग पहुंचा ही नहीं.

यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में बवाल-10 साल में 6 पीएम की कुर्सी गई- देखें पूरी लिस्ट

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
आशुतोष कुमार सिंह NDTV इंडिया के साथ बतौर चीफ सब-एडिटर काम करते हैं. इससे पहले द क्विंट के साथ असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम कर चुके हैं. देहाती यादो... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Keir Starmer, Keir Starmer Resign, Uk Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com