विज्ञापन
This Article is From Jun 13, 2013

मंडेला की हालत में सुधार, छठे दिन भी अस्पताल में

जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद नीति के खिलाफ संघर्ष में अहम भूमिका निभाने वाले नेल्सन मंडेला की हालत में सुधार हो रहा है। फेफड़े में संक्रमण के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पूर्व राष्ट्रपति मंडेला (94) फेफड़े में संक्रमण के चलते छठे दिन भी प्रिटोरिया के मेडिक्लीनिक हार्ट हॉस्पिटल में भर्ती हैं। दिसंबर से उन्हें चौथी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति जैकब जुमा ने बुधवार को संसद को बताया कि अफ्रीकी राष्ट्र के सबसे कद्दावर नेता के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

जुमा ने कहा, ‘‘मैं इसे बताते हुए खुश हूं कि मादिबा (मंडेला) के स्वास्थ्य में आज सुबह से सुधार हो रहा है। कुछ दिनों तक उनके स्वास्थ्य में आई समस्या के बाद अब उनकी हालत में हो रहे सुधार को लेकर हम बहुत खुश हैं।

मंडेला को दक्षिण अफ्रीका में ‘मादिबा’ के नाम से भी जाना जाता है। मंडेला के परिवार ने अलग से जारी किए एक बयान में कहा है कि लोगों से मिले समर्थन से उन्हें बहुत हिम्मत मिली है।

पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी ग्रेस माशेल, बेटी और उनके परिवार के दो अन्य लोग कल मंडेला से मिलने के लिए अस्पताल गए।

मंडेला को काफी समय से फेफड़े में समस्या है, उस वक्त से जब वह रॉबेन द्वीप में राजनीतिक बंदी थे। 27 साल की कैद के दौरान उन्हें 1988 में टीबी हो गया था। दिसंबर में उन्हें एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस वक्त वह फेफड़े के संक्रमण के इलाज और सर्जरी के लिए 18 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे थे।

वर्ष 1990 में जेल से रिहा होने के बाद अस्पताल में भर्ती रहने की यह उनकी सबसे लंबी अवधि थी। मंडेला अगले महीने 95 वर्ष के हो जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका में जुलाई 2010 में हुए फुटबॉल के विश्वकप फाइनल के बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया।

वह दक्षिण अफ्रीका के प्रथम अश्वेत राष्ट्रपति थे और उनका कार्यकाल 1994 से 1999 तक था। उन्हें 1993 में शांति का नोबेल पुरस्कार मिला था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नेलसन मंडेला, दक्षिण अफ्रीका, Nelson Mandela, South Africa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com