विज्ञापन

कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव का रिजल्ट आते लोग क्यों जलाने लगे अमेरिकी झंडे? दंगे का ट्रंप कनेक्शन

डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन वाले अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला की जीत के साथ कोलंबिया में दक्षिणपंथी राजनीति की फिर से सत्ता में वापसी हो गई है. इससे पहले 200 साल में केवल 4 साल ही दक्षिणपंथी सरकार रही है.

कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव का रिजल्ट आते लोग क्यों जलाने लगे अमेरिकी झंडे? दंगे का ट्रंप कनेक्शन
Colombia President Election: कोलंबिया में चुनाव रिजल्ट आने के बाद हिंसा (फोटो-AFP)
  • कोलंबिया में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन वाले कट्टर दक्षिणपंथी उम्मीदवार ने बहुत कम अंतर से राष्ट्रपति चुनाव जीता
  • रिजल्ट के बाद कोलंबिया के काली शहर में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी झंडे जलाए और दंगा-रोधी पुलिस से झड़प की है
  • अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला को 49.66% वोट मिले, जबकि वामपंथी सीनेटर इवान सेपेदा को 48.70% वोट मिले

Colombia President Election 2026: कोलंबिया के तीसरे सबसे बड़े शहर काली में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी झंडे जलाए और दंगा-रोधी पुलिस से झड़प की है. यह सब तब हुआ जब डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन वाले कट्टर दक्षिणपंथी उम्मीदवार ने बहुत ही कम अंतर से कोलंबिया का राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने हजारों लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया. भीड़ में कुछ लोग अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला की जीत से नाराज थे और उनके हाथों में ईंटें और लोहे की छड़ें थीं.

राष्ट्रपति चुनाव में लगभग सभी मतदान केंद्रों के नतीजे आने के बाद, अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला को 49.66 प्रतिशत वोट मिले, जबकि वामपंथी सीनेटर इवान सेपेदा को 48.70 प्रतिशत वोट मिले. 47 साल के अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला की जीत से अमेरिका के साथ कोलंबिया के खराब चल रहे रिश्तों में सुधार होने की संभावना है. साथ ही, यह उस लहर को भी आगे बढ़ाता है जिसमें पूरे लैटिन अमेरिका में दक्षिणपंथी नेता सत्ता में आते जा रहे हैं. 

जीत का जश्न मनाते अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला

जीत का जश्न मनाते अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला (फोटो- AFP)

जीत के बाद ट्रंप से की बात

कोलंबिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि आज कोलंबिया ने अपना सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला जीत लिया है. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात हुई, जिन्होंने उन्हें जीत की बधाई दी और अपना समर्थन देने का भरोसा जताया.

अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला की जीत के साथ कोलंबिया में दक्षिणपंथी राजनीति की फिर से सत्ता में वापसी हो गई है. पिछले 200 वर्षों में केवल 4 साल को छोड़कर ज्यादातर समय दक्षिणपंथी दल ही देश पर शासन करते रहे हैं. खास बात है कि इस बार के चुनाव में दोनों उम्मीदवारों के बीच केवल कुछ लाख वोटों का ही अंतर है. चुनाव प्रचार के दौरान काफी विवाद और टकराव देखने को मिला. वामपंथी पार्टी के समर्थन एस्प्रिएला की जीत को कोलंबिया चुनाव में अमेरिका का हस्तक्षेप बता रहे हैं. इसलिए अब विरोध-प्रदर्शनों की संभावना है और उन्हें संसद में बहुमत के बिना ही सरकार चलानी पड़ेगी.
चुनाव रिजल्ट आने के बाद कोलंबिया में हिंसा (फोटो- AFP)

चुनाव रिजल्ट आने के बाद कोलंबिया में हिंसा (फोटो- AFP)

आगे हिंसा बढ़ने की संभावना

अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला के पास अमेरिका और कोलंबिया दोनों देशों की नागरिकत है और वे खुद को "एल टिग्रे" (बाघ) कहते हैं. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने AFP से कहा था कि वह विद्रोही समूहों के साथ चल रही शांति वार्ताएं खत्म कर देंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि वह इन समूहों के खिलाफ अमेरिका के समर्थन से 90 दिनों तक हवाई हमलों का अभियान चलाएंगे.

बता दें कि फार्क गुरिल्ला गुट के साथ ऐतिहासिक शांति समझौता हुए 10 साल हो चुके हैं. इस दौरान कोलंबिया के कई हिस्सों में काफी विकास हुआ है. लेकिन आज भी ड्रग्स की तस्करी करने वाले गिरोह (कार्टेल) और विद्रोही समूह देश के कुछ इलाकों पर नियंत्रण रखते हैं. कोकीन का निर्यात अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है और कोलंबिया आज भी दुनिया के सबसे ज्यादा आर्थिक असमानता वाले देशों में से एक है.

यह भी पढ़ें: कोलंबिया में ड्रग लॉर्ड पाब्लो एस्कोबार के दरियाई घोड़ों ने कैसे सरकार की नाक में दम किया?

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
आशुतोष कुमार सिंह NDTV इंडिया के साथ बतौर चीफ सब-एडिटर काम करते हैं. इससे पहले द क्विंट के साथ असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम कर चुके हैं. देहाती यादो... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Colombia, US Colombia News, Colombia Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com