- ऑस्ट्रेलिया के ग्रामीण इलाके में वन्यजीव अधिकारियों ने अवैध कॉकरोच पालने के कारोबार का पर्दाफाश किया
- छापेमारी में 1 लाख से ज्यादा अवैध कॉकरोच जब्त किए गए
- इनकी कीमत ब्लैक मार्केट में 1.4 लाख अमेरिकी डॉलर से भी ज्यादा बताई गई है
ऑस्ट्रेलिया में एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया. यहां एक लाख कॉकरोच यानी तिलचट्टों को सीज कर लिया गया है. ये कोई आम नहीं बल्कि विदेशी और महंगे किस्म के कॉकरोच थे, जिनकी कीमत लाखों डॉलर में बताई जा रही है. एक-एक कॉकरोच आपकी हथेली के साइज के हैं. इसको खत्म कैसे किया जाएगा, यह भी अपने आप में एक परेशानी है. अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इतनी रकम देकर कोई कॉकरोच क्यों खरीदेगा. चलिए सबकुछ बताते हैं.
ऑस्ट्रेलिया में कॉकरोच कांड
ऑस्ट्रेलिया के ग्रामीण इलाके में वन्यजीव अधिकारियों ने एक अवैध कॉकरोच पालने के कारोबार का पर्दाफाश किया है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार इस छापेमारी में 1 लाख से ज्यादा अवैध कॉकरोच जब्त किए गए, जिनकी कीमत ब्लैक मार्केट में 1.4 लाख अमेरिकी डॉलर से भी ज्यादा बताई गई है. भारतीय करेंसी में यह रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपए के आसपास बैठती है.

छापेमारी में 1 लाख से ज्यादा अवैध कॉकरोच जब्त (फोटो- एएफपी)
दोनों प्रजातियों को कानूनी तौर पर ऑस्ट्रेलिया में आयात नहीं किया जा सकता है, न ही रखा जा सकता है, न ही प्रजनन किया जा सकता है और न ही बेचा जा सकता है.
यह छापा सिडनी के पश्चिम में स्थित बाथर्स्ट नाम के शहर में एक कमर्शियल ब्रीडर पर मारा गया. यहां “मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच” पाए गए, जो बड़े आकार के होते हैं और सांप की तरह आवाज (हिसिंग) निकालते हैं. मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच दुनिया की सबसे बड़ी प्रजातियों में से एक हैं. इनका नाम इसलिए पड़ा क्योंकि ये तेज आवाज निकाल सकते हैं, जो साफ सुनी जा सकती है.
रिपोर्ट के अनुसार पर्यावरण विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया की अनोखी जैव विविधता यानी बायोडायवर्सिटी को बचाने को लेकर बहुत गंभीर हैं. उन्होंने कहा कि अवैध रूप से विदेशी कॉकरोच का पालन और व्यापार हो रहा है और पालतू जानवरों की दुकानों और मालिकों को चेतावनी दी जा रही है. विभाग ने बताया कि इन अवैध कीड़ों की कुल कीमत लगभग 1.40 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 2 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर) है.
अब अधिकारियों के सामने इन खतरनाक रेंगने वाले कीड़ों को खत्म करने का मुश्किल काम है. वैसे कॉकरोच इतने मजबूत माने जाते हैं कि इनके बारे में कहा जाता है कि ये परमाणु विस्फोट तक से भी बच सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सहारा रेगिस्तान में बिना पानी के मर गए 49 लोग! ट्रक खराब हुआ और 80 KM तक कुछ नहीं था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं