ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी गांव में 6 वर्षीय मासूम बच्ची से रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बलराज को मुठभेड़ में मार गिराया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पहले ही हिरासत में लिया गया था. पूछताछ के दौरान उसने बच्ची के साथ वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की. इसके बाद पुलिस टीम उसे हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद करने के लिए झाड़ियों के पास ले गई थी.
इसी दौरान आरोपी ने वहां छिपाकर रखी रिवॉल्वर निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी की गोली से एक कांस्टेबल घायल हो गया. इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बलराज को गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बच्ची को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया था. पुलिस टीम आरोपी को उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने के लिए झाड़ियों में लेकर गई थी. इसी दौरान आरोपी ने छिपाकर रखी रिवॉल्वर निकाल ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया.
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर एक मकान में ले गया था. वहां चाकू के बल पर उसके साथ रेप किया और बाद में उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर खेत में फेंक दिया. शव को बोरी में ले जाते हुए आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था.
बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान बलराज के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बलराज आदतन अपराधी था. उसके आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया कि वह पहले से तीन रेप और हत्या के मामलों तथा एक अन्य हत्या के मामले में आरोपी था. पुलिस के अनुसार, वह कई आपराधिक मामलों में जेल भी जा चुका था. वर्ष 2017 में वृद्ध महिला के साथ रेप कर हत्या की गई उसके बाद इसके द्वारा सूरजपुर थाना क्षेत्र में एक बच्चे के साथ ऐसी ही और एक घटना को अंजाम दिया गया था, इसने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में भी हत्या की थी.
ये भी पढ़ें- बच्ची का रेप और कत्ल करने वाला चंद घंटों में ढेर
आरोपी के एनकाउंटर की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है. घटना के बाद से ही परिवार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा था. पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के मारे जाने के बाद परिवार ने राहत जताई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मुठभेड़ और पूरे मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं