- कनाडा के एडमॉन्टन स्थित एक गुरुद्वारे में हमले का मामला सामने आया है.
- एक युवक पेचकस लेकर गुरुद्वारे में घुसा था, जिसे रोकने पर उसने हमला कर दिया.
- घटना में 2 लोग घायल हुए हैं. जबकि हमला करने वाले युवक को कनाडा पुलिस ने पकड़ लिया है.
कनाडा में एडमॉन्टन के एक गुरुद्वारे में शुक्रवार सुबह अरदास के दौरान हमले का मामला सामने आया है. यहां 27 साल का एक युवक पेचकस लेकर घुसा और उसने दरबार हॉल में बैठे दो लोगों पर अचानक से उसी पेचकस से हमला कर दिया. जिसमें दोनों घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है. पुलिस यह पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है कि यह हमला घृणा के कारण किया गया या फिर इसके पीछे कोई और वजह थी. बताया जा रहा है कि युवक इस तरह से गुरुद्वारे में घुसा था, ताकि किसी को भी उस पर शक न हो सके.
सुबह 5 बजे हुए हमला
यह घटना कनाडा के समयानुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच उत्तर-पूर्वी एडमंटन स्थित नानकसर सिख गुरुद्वारे में हुई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और उसने दरबार हॉल में जाने की कोशिश की थी. लेकिन गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया. एडमंटन पुलिस सेवा के मुताबिक इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने 75 एवं 51 साल के दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया था. ईपीएस के कार्यवाहक निरीक्षक एरिक स्टीवर्ट ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस की घृणा अपराध इकाई मामले की जांच कर रही है. नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल के उपाध्यक्ष जोरा ग्रेवाल ने कहा सुबह के वक्त जब यह हमला हुआ तब गुरुद्वारे में कई लोग मौजूद थे.
जांच में जुटी कनाडा पुलिस
पुलिस के अनुसार इस घटना में घायल हुए लोग श्रद्धालु हैं जबकि ग्रेवाल ने कहा कि इनमें एक व्यक्ति गुरुद्वारे का ग्रंथी और दूसरा व्यक्ति लंबे समय से वहां सेवा कर रहा एक स्वयंसेवक है. ग्रेवाल ने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर मौजूद लोगों ने जब हथियारबंद व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि आरोपी ने ग्रंथी पर पेचकस से कई बार वार किए और इसके बाद बुजुर्ग स्वयंसेवक पर भी हमला किया. दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं. संदिग्ध भी घायल हुआ और उसे भी अस्पताल ले जाया गया.
सिख अमेरिकन लीगल डिफेंस एंड एजुकेशन फंड ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल के अंदर इस तरह की हिंसा बेहद चिंताजनक है. संगठन ने पीड़ितों और एडमोंटन के सिख समुदाय के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की है.
ये भी पढ़ेंः कनाडा में पढ़ाई करने वालों के लिए बड़ी चेतावनी! स्टूडेंट वीजा खत्म तो लौटना होगा घर...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं