Canada Student Protest : कनाडा में पढ़ाई और उसके बाद नौकरी या परमानेंट रेजिडेंसी (PR) हासिल करने का सपना देख रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों, खासकर भारतीय छात्रों, के लिए एक बड़ी खबर है. अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि स्टूडेंट वीजा केवल पढ़ाई के लिए दिया जाने वाला एक टेंपोरेरी दस्तावेज है और अगर वीजा समाप्त होने तक किसी छात्र को परमानेंट रेजिडेंसी नहीं मिलती है, तो उसे अपने देश वापस लौटना चाहिए. यह बात डेनियल स्मिथ ने X पर पोस्ट करके कही है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में डेनियल स्मिथ ने कहा कि स्टूडेंट वीजा को लेकर हमेशा से स्थिति स्पष्ट रही है. उनके अनुसार, यह एक टेंपरेरी डॉक्यूमेंट है जिसका उद्देश्य केवल कनाडा में शिक्षा प्राप्त करना है. उन्होंने कहा कि कनाडा आने वाले छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करनी चाहिए और उसके बाद अपने देश लौटकर वहां अपने करियर और जीवन का की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.
अल्बर्टा के स्टूडेंट्स हैं प्रयोरिटी
डेनियल स्मिथ ने कहा कि अल्बर्टा के यूनिवर्सिटी और कॉलेज टेक्सपेयर्स के पैसे से बनी हैं. इसलिए पहला हक यहां के स्टूडेंट्स की है. उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल स्टूडेंट का स्वागत है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि हर छात्र को पढ़ाई पूरी करने के बाद स्थायी रूप से कनाडा में बसने का अधिकार मिल जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कनाडा को ऐसे इमिग्रेशन सिस्टम की जरूरत है जिसमें नियम स्पष्ट हों.
पोर्टेज कॉलेज विवाद से जुड़ा है मामला
बता दें कि स्मिथ की यह टिप्पणी पोर्टेज कॉलेज से जुड़े विवाद के बीच सामने आई है. कई इंटरनेशनल स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया है कि उन्हें पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट प्राप्त करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इनमें बड़ी संख्या भारत से आए छात्रों की बताई जा रही है.
हालांकि, अल्बर्टा प्रीमियर ने पोर्टेज कॉलेज को "डिप्लोमा मिल" कहे जाने को खारिज कर दिया. फिर भी उन्होंने माना कि कुछ कार्यक्रमों या इंस्टीट्यूट्स ने छात्रों को इमिग्रेशन और PR की संभावनाओं के बारे में जरूरत से ज्यादा उम्मीदें दिखाई होंगी.
स्मिथ ने कहा कि ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां कुछ लोगों ने डिप्लोमा प्रोग्राम शुरू करके छात्रों का फायदा उठाया. उन्होंने दोहराया कि अगर कोई स्टूडेंट अंतरराष्ट्रीय छात्र के रूप में कनाडा आता है और उसका वीजा समाप्त हो जाता है, जबकि उसे PR नहीं मिली है, तो उसे अपने देश लौटना चाहिए.
A student visa is a temporary document to study in Canada. That was always understood.
— Danielle Smith (@ABDanielleSmith) August 12, 2026
Our universities and colleges were built by Alberta taxpayers, first and foremost for Alberta students. Where there is room for international students, the terms are simple. Earn your… pic.twitter.com/271cT8RQnu
बिना अनुमति काम करने पर सख्त चेतावनी
इस बीच, इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने भी स्टूडेंट्स को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है. विभाग ने कहा है कि बिना वैध अनुमति के काम करने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.
IRCC के अनुसार, अनधिकृत कार्य करने वाले छात्रों को कनाडा से बाहर निकाला जा सकता है. इसके अलावा भविष्य में कनाडा लौटने पर पांच साल तक का प्रतिबंध लग सकता है और इमिग्रेशन रिकॉर्ड में स्थायी रूप से नकारात्मक टिप्पणी दर्ज हो सकती है. इससे भविष्य के वीजा, वर्क परमिट और PR आवेदन भी प्रभावित हो सकते हैं.
कनाडा जाने वाले छात्रों के लिए सलाह
कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश मिल जाना अपने आप में वर्क परमिट या परमानेंट रेजिडेंसी की गारंटी नहीं है. IRCC ने छात्रों को सलाह दी है कि वे किसी संस्थान में दाखिला लेने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करें, अपने कोर्स की पात्रता को समझें और ऐसे किसी भी व्यक्ति या एजेंसी से सावधान रहें जो PR या इमिग्रेशन का वादा करती हो.
यह भी पढ़ें- "IIT से होकर भी यहां?" इंटरव्यू के एक सवाल ने तोड़ दिया IIT ग्रेजुएट का आत्मविश्वास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं