विज्ञापन

ममदानी का चुनावी वादे से यू-टर्न, कहा नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार मेरे पास नहीं

जोहरान ममदानी ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर अपने हमले कम नहीं किए हैं. उन्होंने ट्रंप सरकार से अपील की है कि जब नेतन्याहू अमेरिका आए, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए.

ममदानी का चुनावी वादे से यू-टर्न, कहा नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार मेरे पास नहीं
जोहरान ममदानी ने बेंजामिन नेतन्याहू पर अपने हमले कम नहीं किए (फोटो- AFP)

न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी ने अब एक बड़ा यूटर्न लिया है. ममदानी अबतक न्यूयॉर्क आने पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की धमकी दे रहे थे. लेकिन अब उन्होंने कहा कि वह चाहकर भी ऐसा नहीं कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा कानूनों की समीक्षा के बाद यह पता चला है कि उनके प्रशासन के पास ऐसी कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने अपने चुनावी वादे से पीछे हटते हुए यह बात कही. हालांकि साथ ही ममदानी ने फिर से दोहराया है कि नेतन्याहू एक वॉर क्रिमिनल या युद्ध अपराधी हैं. और ऐसे में उन्होंने ट्रंप सरकार से आग्रह किया कि जब नेतन्याहू सितंबर में यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली के लिए न्यूयॉर्क आए, तब उन्हें गिरफ्तार किया जाए.

ममदानी ने क्या कहा?

जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि मेरे प्रशासन ने लागू कानून के तहत उपलब्ध हर रास्ते की समीक्षा की है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अगर बेंजामिन नेतन्याहू यहां आते हैं तो क्या न्यूयॉर्क शहर इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के गिरफ्तारी वारंट को लागू कर सकता है. उन्होंने कहा, "यह स्पष्ट है कि हमारे पास इस वारंट को लागू करने का स्वतंत्र कानूनी अधिकार नहीं है."

ममदानी ने कहा कि संघीय सरकार (ट्रंप सरकार) के पास ऐसा अधिकार है. उन्होंने ट्रंप सरकार से इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में शामिल होने और उसके वारंट को लागू करने का आह्वान किया. बता दें कि अमेरिका इस कोर्ट का सदस्य नहीं है.

ट्रंप ने कह दिया था- नेतन्याहू की गिरफ्तारी नहीं होगी

मेयर ममदानी की यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यह कहे जाने के एक दिन बाद आई कि नेतन्याहू को उनकी अमेरिकी यात्रा के दौरान हिरासत में नहीं लिया जाएगा. ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पोस्ट में कहा, "अमेरिका में रहने के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू को किसी भी तरह से गिरफ्तार नहीं किया जाएगा."

बता दें कि अपने मेयर पद के चुनाव अभियान के दौरान, ममदानी ने बार-बार कहा था कि जब इजराइली नेता न्यूयॉर्क आएंगे तो वे नेतन्याहू की गिरफ्तारी का आदेश देंगे. उन्होंने हाल ही में 'द न्यूयॉर्क टाइम्स मैगजीन' को बताया था कि उनका प्रशासन वारंट को लागू करने के बारे में शहर के कानून विभाग के साथ सक्रिय होकर बातचीत कर रहा था.

ममदानी ने हमला कम नहीं किया

यह स्वीकार करने के बावजूद कि गिरफ्तारी का अधिकार नहीं है, ममदानी ने नेतन्याहू पर अपने हमले जारी रखे हैं. उन्होंने कहा कि बेंजामिन नेतन्याहू एक युद्ध अपराधी हैं. फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ भयानक नरसंहार के सूत्रधार हैं. ममदानी ने आगे कहा, "जैसा कि मैंने कहा है, मैं ICC की इस बात से सहमत हूं कि बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके अपराधों के लिए उन पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए, जैसा कि मैं ICC द्वारा आरोपित किसी भी अन्य व्यक्ति के मामले में मानता हूं."

उन्होंने यह भी कहा कि शहर में इजरायली नेता का स्वागत नहीं है. ममदानी ने कहा, "मैं समान रूप से स्पष्ट होना चाहता हूं. न्यूयॉर्क शहर में बेंजामिन नेतन्याहू का स्वागत नहीं है और न ही किसी अन्य खुले घूम रहे युद्ध अपराधी का. वहीं नेतन्याहू के कार्यालय ने आरोपों को खारिज कर दिया और ममदानी की आलोचना की. एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया, "ICC एक 'कंगारू कोर्ट' है जिसका अमेरिकियों या इजरायलियों पर कोई अधिकार-क्षेत्र नहीं है."

यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में नहीं बढ़ेगा किराया, जोहरान ममदानी ने पूरा किया अपना वादा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Zohran Mamdani, Donald Trump, Benjamin Netanyahu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com