विज्ञापन

सड़कें जाम, धू-धू कर जले मकान, 'सिर काटने' की कोशिश के बाद आयरलैंड में भड़की भीषण नस्लीय, VIDEO

उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में एक सूडानी शरणार्थी द्वारा स्थानीय व्यक्ति पर किए गए बर्बर चाकू हमले के बाद बड़े पैमाने पर अप्रवासी विरोधी दंगे और आगजनी भड़क उठी.

सड़कें जाम, धू-धू कर जले मकान, 'सिर काटने' की कोशिश के बाद आयरलैंड में भड़की भीषण नस्लीय, VIDEO
हमले का वीडियो वायरल होने के बाद जल उठा आयरलैंड
  • उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट में नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने घरों और वाहनों में आग लगाकर हिंसा फैलाई
  • एक 40 साल के शख्स पर चाकू से हमला हुआ, जिससे गंभीर चोटें आईं
  • हमलावर एक सूडानी शरणार्थी था, जो 2023 में यूके पहुंचा था, और उस पर हत्या की कोशिश के आरोप लगे

यूनाइटेड किंगडम का उत्तरी आयरलैंड इन दिनों अप्रवासी विरोधी हिंसा और दंगों की भीषण आग में झुलस रहा है. बेलफास्ट की सड़कों पर नकाबपोश लोगों ने घरों और गाड़ियों में आग लगा दी और सड़कें जाम कर दीं. हिंसा की चिंगारी तब फैली जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सूडान के एक नागरिक बीच सड़क पर एक आदमी का सिर काटने की कोशिश करता दिख रहा था, जबकि आसपास के लोग पीड़ित को बचाने की कोशिश कर रहे थे. इस घटना के बाद इलाके में नस्लीय हिंसा भड़क गई.

क्या हुआ था?

सोमवार देर रात हुए हमले में 40 साल के पीड़ित की आंखों, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया. 30 साल के एक संदिग्ध को भी गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर हत्या की कोशिश, सार्वजनिक स्थान पर चाकू रखने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया.

लेकिन इस घटना की जल्द ही बड़े पैमाने पर निंदा होने लगी. उत्तरी आयरलैंड में कई जगहों पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हो गए, जिनमें से कई के चेहरे ढके हुए थे. कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला किया और बसों, कारों और घरों में आग लगा दी, अधिकारियों की शांति बनाए रखने की अपील को नजरअंदाज कर दिया गया.

ब्रिटिश मीडिया की खबरों में पुलिस को जलते हुए घरों से परिवारों को बाहर निकालते हुए दिखाया गया. स्थानीय राजनेताओं का कहना है कि जिन लोगों को निशाना बनाया गया, उनमें से कई अश्वेत थे.

एक साल से बेलफास्ट में रह रहे भारतीय मूल के इंजीनियर इमरान ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि शाम 7:30 बजे उन्होंने आगजनी शुरू कर दी. हमने पुलिस की गाड़ियों और सायरन की आवाज सुनी. उन्होंने आगे बताया कि और भी लोग आने लगे और उन्होंने पेट्रोल बम फेंकना शुरू कर दिया. अचानक आग फैलने लगी. इमारत के अंदर धुआं भर गया. दमकलकर्मी अंदर आए और उन्होंने कहा, 'नीचे जाओ'.

एक महीने पहले बेलफास्ट आईं 36 साल की चिली निवासी कैमिला ने कहा कि यह 'डरावना' था. उन्होंने बताया कि मैं लोगों के गुस्से को समझती हूं, लेकिन इन मुद्दों पर शांति से चर्चा करने के भी तरीके हैं.

अधिकारियों ने की शांति की अपील

उत्तरी आयरलैंड की फर्स्ट मिनिस्टर मिशेल ओ नील ने विरोध प्रदर्शनों की कड़ी निंदा की और शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नकाबपोश लोगों के समूहों द्वारा परिवारों को उनके घरों से आग लगाकर बेघर करना घिनौनी कायरता के अलावा और कुछ नहीं है. नस्लवाद, डराना-धमकाना और हिंसा - ये सब गलत हैं, चाहे वे कहीं भी हों. आज रात हुए इन हमलों के लिए कोई बहाना नहीं हो सकता. कोई भी हमारी सड़कों पर ऐसा नहीं देखना चाहता.

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सोमवार देर शाम उत्तरी बेलफास्ट में हुए शुरुआती चाकू हमले को घिनौना बताया था. उन्होंने कहा कि  यह हिंसा, जिसे अभी आतंकवाद नहीं माना जा रहा है, ब्रिटेन में बढ़े हुए तनाव के बीच हुई है. यह तनाव छात्र हेनरी नोवाक की हत्या के बाद बढ़ा है. नोवाक को पुलिस ने तब हथकड़ी लगाई थी जब वह चाकू लगने से मर रहा था. हमलावर, एक सिख व्यक्ति विक्रम सिंह डिगवा ने नस्लवादी हमले का झूठा आरोप लगाया था.

यह घटना इमिग्रेशन को लेकर बार-बार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बाद हुई है. वहां के राजनीतिक पार्टियों का कहना है कि ब्रिटेन की शरण नीति के कारण खतरनाक लोग देश में आ गए हैं.

अप्रवासी था हमलावर

यूके के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि हमलावर सूडानी शरणार्थी था और उसके पास 2028 तक का रेजिडेंस परमिट था. उत्तरी आयरलैंड के पुलिस प्रमुख जॉन बाउचर के अनुसार, वह 2023 में पेरिस और डबलिन के रास्ते यूके आया था. उन्होंने कहा कि संदिग्ध के बारे में पुलिस को पहले से कोई जानकारी नहीं थी.

मामले में कूद पड़े मस्क

अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने भी यूके सरकार की आप्रवासन नीति की आलोचना करने वाले कई ट्वीट को रीपोस्ट किया. उत्तरी बेलफास्ट की घटना के बारे में आप्रवासन-विरोधी कार्यकर्ता टॉमी रॉबिन्सन की एक पोस्ट के जवाब में मस्क ने कहा कि बार-बार और जोर-शोर से विरोध करने पर ही कोई बदलाव आएगा. रॉबिन्सन ने अपनी पोस्ट में कहा था कि हमारे लोगों पर एक और घुसपैठिए के हमले के बाद विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था.

लेकिन बाद में, उत्तरी आयरलैंड की कानून मंत्री नाओमी लॉन्ग ने मस्क पर निशाना साधते हुए कहा कि ये बुरे इरादे वाले लोग हैं. उन्होंने कहा, 'अपनी सही चिंताओं का गलत इरादे वाले लोगों द्वारा फायदा न उठाने दें. हम उत्तरी आयरलैंड में जानते हैं कि जब आप कुछ लोगों के व्यवहार के कारण लोगों के पूरे समूह को बुरा-भला कहते हैं तो कितना नुकसान हो सकता है.'

यह भी पढ़ें: एक वायरल वीडियो और जल उठा उत्तरी आयरलैंड, प्रवासियों के खिलाफ दंगाई क्यों बनी नकाबपोश भीड़?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Northern Ireland, Northern Ireland News, Uk News, UK Protest, World New In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com