विज्ञापन

अगले 2 महीने बंगाल की खाड़ी में मछली नहीं पकड़ पाएंगे बांग्लादेशी मछुआरे, बैन के बदले मिलेगा 77 KG चावल

बंगाल की खाड़ी में 58 दिन का मछली पकड़ने पर लगा बैन 15 अप्रैल से लागू हो गया है.

अगले 2 महीने बंगाल की खाड़ी में मछली नहीं पकड़ पाएंगे बांग्लादेशी मछुआरे, बैन के बदले मिलेगा 77 KG चावल
Bangladesh: बंगाल की खाड़ी में 58 दिन का मछली पकड़ने पर लगा बैन

अब बांग्लादेश के मछुआरे अगले 2 महीनों तक बंगाल की खाड़ी में मछली नहीं मार पाएंगे. बंगाल की खाड़ी में 58 दिन का मछली पकड़ने पर लगा बैन 15 अप्रैल से लागू हो गया है. इसका उद्देश्य यहां पाई जाने वाली हिल्सा और अन्य मछलियों को प्रजनन के समय बचाना है और उनका संरक्षण करना है. बांग्लादेश के अखबार डेलीस्टार की रिपोर्ट के अनुसार यह पाबंदी बांग्लादेश के मत्स्य और पशुपालन मंत्रालय द्वारा लगाई गई है और 11 जून तक चलेगी. इस दौरान समुद्र में हर तरह की मछली पकड़ने पर रोक रहेगी.

बदले में मछुआरे परिवार को मिलेगा 77 किलो चावल

रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश के एक मत्स्य अधिकारी, एमडी इकबाल हुसैन ने बताया कि खाड़ी के पास मौजूद भोला जिले में लगभग 1,70,000 मछुआरे पंजीकृत (रजिस्टर्ड) हैं, जिनमें से 63,954 लोगों को वल्नरेबल ग्रुप फीडिंग (वीजीएफ) योजना के तहत मदद दी गई है. हर व्यक्ति को 77 किलो चावल मिलेगा. हालांकि इसका वितरण कब शुरू होगा, यह अभी तय नहीं है, क्योंकि तैयारी अभी चल रही है.

रिपोर्ट के अनुसार मछुआरों का कहना है कि वे पहले से ही कम मछली मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं और हाल ही में तेल-गैस की कमी के कारण वे नाव लेकर गहरे समुद्र में मछली पकड़ने नहीं जा पा रहे हैं. समुद्री तट के पास रहने वाले मछुआरों का कहना है कि प्रतिबंध लागू होने के बावजूद सरकार द्वारा वादा किया गया चावल अभी तक कई लोगों तक नहीं पहुंचा है, जिससे उनके परिवारों पर भारी दबाव पड़ रहा है. इसके अलावा लाभार्थियों की लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप भी सामने आए हैं.

बरिशाल डिविजनल स्मॉल फिशरमेन एसोसिएशन के अध्यक्ष इजरायल पंडित ने कहा कि भोला के लगभग एक-तिहाई मछुआरे प्रभावित हुए हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि हर परिवार को कम से कम 100 किलो चावल दिया जाए और साथ में नकद सहायता भी दी जाए.

इससे पहले बांग्लादेश की सेना ने अंडे देने के मौसम के दौरान हिल्सा मछली को अवैध रूप पकड़े से बचाने के लिए एक खास सर्विलांस कैंपेन के तहत युद्धपोतों (जंगी जहाज) और गश्ती हेलीकॉप्टरों को तैनात किया था.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश ने इस मछली को बचाने को झोंक दी पूरी सेना, समुद्र में तैनात किए 17 जंगी जहाज और हेलीकॉप्टर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com