उत्तर भारत के राज्यों के लिए गुड न्यूज है. उन्हें तेज धूप और लू से राहत आने वाले दिनों में भी मिलती रहेगी. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत के राज्यों में बारिश होती रहेगी. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 से 26 जून और फिर 29 जून को बारिश का अलर्ट है. नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-24 जून और फिर 29 जून को बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जून को बारिश का अलर्ट है. पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान में भी 24 से 29 जून तक हल्की फुल्की बारिश का अलर्ट है.
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली में आज का मौसम की बात करें तो बारिश का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन बादल छाये रहने के बाद गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है.हालांकि एक हफ्ते तक अभी ऐसी स्थिति दिल्ली एनसीआर में बनी रहेगी. दिल्ली में कल का मौसम बिगड़ा था और दोपहर को तेज आंधी के बाद बारिश देखने को मिली थी. नोएडा, गाजियाबाद में भी बारिश हुई थी.

उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग की मानें तो लद्दाख, जम्मू-कश्मीर में भी 24 से 29 जून तक छिटपुट बारिश होती रहेगी. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर इस दौरान बरसात की संभावना है. 29 जून को उत्तराखंड और हिमाचल में ज्यादा बारिश हो सकती है.
मध्य प्रदेश में आज का मौसम
पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 24 से 29 जून के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. विदर्भ में 29 जून को काफी बड़े इलाके में बारिश होने का अलर्ट है. मध्य प्रदेश में 24 से 27 जून के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है. 60-70 किमी की रफ्तार से आंधी आ सकती है. विदर्भ में भी 27 जून तक ऐसे ही हालात रहेंगे. छत्तीसगढ़ में 27 जून तक आंधी, तूफान, बिजली गिरने की चेतावनी है.

Goa Rain
मॉनसून अपडेट (Monsoon Update)
दक्षिणपश्चिम मॉनसून की बात करें तो तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों की ओर ये बढ़ा है. अगले 2-3 दिनों में गुजरात के कुछ इलाकों के साथ महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों तक मॉनसून पहुंच जाएगा. बिहार, झारखंड के बाकी इलाकों और फिर वहां से उत्तर प्रदेश की ओर मॉनसून बढ़ेगा. मॉनसून की वजह से पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी है.
ये भी पढ़ें - दिल्ली NCR को आंधी तूफान ने हिलाया, धूल भरी तेज हवाओं के बाद झमाझम बारिश, जानें कल का मौसम
पूर्वांचल के इलाकों, दक्षिण पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में लू की स्थिति रहेगी. गोवा में भी भारी बारिश हुई है और इससे कुछ जगहों पर पेड़ गिरने से गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं