नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत के दौरे पर आने वाले हैं. उनके दौरे के पुष्टि भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने की है. आपको बता दें नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद यह पहला मौका होगा जब बालेन शाह भारत आ रहे हैं. MEA के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री 22-23 नवंबर को राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे. विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी, जिसमें वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे. इस दौरान विकास सहयोग, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, स्टार्टअप, तकनीक और क्रिकेट सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.
MEA के प्रवक्ता जयसवाल ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा होगी और इसे राजकीय यात्रा का दर्जा दिया गया है. अपने के दौरे के दौरान वे भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे. साथ ही वो पीएम मोदी से भी मिलेंगे. पीएम मोदी उनसे दोनों देशों के बीच आपसी संबंध पर भी चर्चा कर सकते हैं. हालांकि कार्यक्रमों का क्रम अलग हो सकता है. भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से बेहद करीबी, दोस्ताना और बहुआयामी संबंध रहे हैं. दोनों देशों के बीच विकास सहयोग, लोगों के आपसी संबंध, ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार (इनोवेशन) और खेल जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी बात की जाएगी.
अधिकारियों ने कहा कि क्रिकेट भी अब भारत और नेपाल को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है. यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिसिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजारंकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी होंगे.
27 मार्च को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद यह बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी. इससे पहले वे सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गए थे. नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी द्विपक्षीय बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे. उसी दिन प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक आधिकारिक दोपहर भोज (लंच) का आयोजन करेंगे.
यह भी पढ़ें: 22 नवंबर के भारत दौरे से नेपाल के पीएम बालेन शाह क्या चाहते हैं-5 प्वाइंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं