विज्ञापन

नेपाल के 'बाबा बुलडोजर' हैं बालेन शाह, रैपर-इंजीनियर, काठमांडू मेयर और अब PM, पहले मधेशी प्रधानमंत्री होंगे

Balen Shah News Today: नेपाल में ऐतिहासिक बहुमत के बाद बालेन शाह प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. रैपर, इंजीनियर, मेयर के बाद अब वो महज 35 साल की उम्र में पीएम बन रहे हैं.

नेपाल के 'बाबा बुलडोजर' हैं बालेन शाह, रैपर-इंजीनियर, काठमांडू मेयर और अब PM, पहले मधेशी प्रधानमंत्री होंगे
Balen Shah News: बालेन शाह नेपाल के नए प्रधानमंत्री
  • बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने नेपाल में 275 में से 182 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है
  • बालेन शाह 27 मार्च को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और उनकी कैबिनेट में 15 से 18 सदस्य होंगे
  • बालेन शाह ने काठमांडू के मेयर रहते अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर अभियान चलाया, सरकारी अतिक्रमण भी हटाए
काठमांडू:

Balen Shah Latest Updates: नेपाल की राजनीति में नायक के तौर पर उभरे बालेन शाह ने आज रामनवमी के दिन सांसद पद की शपथ ली. नेपाल में GEN Z  के हीरो बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 5 मार्च को हुए चुनाव में 275 में से 182 सीटें जीतकर इतिहास रचा था. 1999 यानी 27 साल बाद नेपाल में यह पहला मौका है, जब किसी पार्टी को इतना प्रचंड बहुमत मिला हो. महज 35 साल के बालेन रैपर, इंजीनियर और काठमांडू के पूर्व मेयर रहे हैं. 78 साल के अर्जुन नरसिंह केसी ने प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ सदस्य के तौर पर रामनवमी के दिन बालेन और अन्य सांसदों को को सदस्यता की शपथ दिलाई. फिर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल बालेन शाह को शुक्रवार प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे.

आरएसपी की आज संसदीय दल की बैठक भी शाम को हुई, जिसमें बालेन शाह को पार्टी का औपचारिक तौर पर नेता चुना गया. देर शाम को राष्ट्रपति ने उन्हें नई सरकार बनाने का न्योता दिया. 27 मार्च को भव्य समारोह में बालेन शाह शपथ लेंगे. उनकी कैबिनेट में 15 से 18 सदस्य होंगे. नेपाल में युवाओं के हीरो बालेन शाह ने नेपाली कांग्रेस, सीपीएन यूएमएल जैसे दिग्गज दलों को चुनाव में धूल चटा दी है. खुद बालेन शाह ने झापा-5 सीट से पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को 50 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है.

नेपाल के बाबा बुलडोजर

अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन से उन्हें खूब तालियां बटोरीं.अतिक्रमण का शिकार हुई तुकुचा नदी का बड़ा एरिया खाली कराने को लेकर भी उन्होंने अभियान चलाया.  काठमांडू में अवैध कब्जों को लेकर उन्होंने होटल-रेस्तरां मालिकों से सीधा मोर्चा लिया. अनाधिकृत डिजिटल होर्डिंग्स को हटाकर लाखों रुपये का नेपाली टैक्स भी वसूला. हालांकि कुछ लोगों ने इसे शाह का पब्लिसिटी स्टंट बताया है. अवैध ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर, जेसीबी का इस्तेमाल किया गया. कुछ सरकारी विभागों के अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया गया.

Balen Shah

Balen Shah
Photo Credit: Kathmandu Post

हिप हॉप स्टार भी हैं बालेंद्र शाह

राजनीति में आने से काफी पहले बालेन शाह नेपाली हिप-हॉप स्टार थे. उन्होंने 2013 में YouTube सीरीज रॉ बार्ज से शोहरत हासिल की. भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और बेरोजगारी के मुद्दे उठाने वाले गानों ने बालेन शाह को युवाओं का चहेता बना दिया. साल 2012 का उनका पहला गाना स्ट्रीट चाइल्ड यानी गली का छोरा पूरे देश में छा गया. बालेन काफी पढ़े लिखे टेक्नोक्रेट भी हैं. 

इंजीनयिरिंग से सियासत तक

बालेन ने काठमांडू विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियर में ग्रेजुएशन किया. फिर कर्नाटक की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया.सियासत के साथ वो काठमांडू विश्वविद्यालय में नेवारी विरासत पर पीएचडी कर रहे हैं. नेपाल में त्रिशंकु सरकारों के बीच भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से युवाओं का गुस्सा जब उबाल मारने लगा तो बालेन शाह 2022 में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू महापौर चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया. 

Bulldozer Action

Bulldozer Action
Photo Credit: Kathmandu Post

बालेन शाह नेपाल के पहले मधेशी प्रधानमंत्री

बालेन शाह नेपाल के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो मधेशी मूल के हैं. चार साल काठमांडू के मेयर (2022-2026) के शासन के तौर पर उनका स्पष्ट, कठोर रुख चर्चा में रहा. मधेसी नेपाली लोगों का एक समूह है, जो नेपाल का तराई क्षेत्र है, लेकिन मूल रूप से वे भारतीय माने जाते हैं. अभी तक नेपाल की राजनीति में पहाड़ी नेताओं का वर्चस्व रहा है.

नेपाली संसद में दो तिहाई बहुमत

नेपाली कांग्रेस को इस बार महज 38 सीटें मिली हैं. जबकि सीपीएन यूएमएल को 25 और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 18 सीटें मिली हैं. श्रम शक्ति पार्टी को 7 सीटें और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 5 सीटें मिली हैं. नेपाली संसद में बहुमत का आंकड़ा 138 है. लेकिन 182 सीटों के साथ आरएसपी दो तिहाई बहुमत से भी सिर्फ दो सीट के फासले पर है. आरएसपी सचिव नारायण श्रेष्ठ का कहना है कि पार्टी सांसदों ने नई सरकार के गठन के लिए पूरा अधिकार पार्टी नेता बालेंद्र शाह को दिया है.  

Balen Shah tak oath as MP

Balen Shah tak oath as MP

सोशल मीडिया स्टार

टीवी-अखबार जैसे पारंपरिक मीडिया की जगह बालेन शाह सोशल मीडिया और पॉडकास्ट के जरिये जनता से संवाद करते हैं. देश से जुड़े मसलों पर उनका आक्रामक रुख रहा है. सीपीएन-यूएनएल और नेपाली कांग्रेस जैसे दलों को उनकी उस रणनीति ने काफी नुकसान पहुंचाया है.

लेखक के बारे में
img
अमरीश कुमार त्रिवेदी
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Balen Shah Biography, Nepal Prime Minister Balen Shah, Balen Shah News, Nepal News, Kathmandu News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com