विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2012

पाकिस्तान में शिया श्रद्धालुओं पर हमले 19 की मौत, 19 सैनिकों की हत्या

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में रविवार को शिया समुदाय के लोगों को ले जा रही बस को निशाना बनाकर हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम 19 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। दूसरी तरफ तालिबान आतंकवादियों ने 21 अपहृत सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी है।

श्रद्धालुओं की बस पर हमला बलूचिस्तान प्रांत के मस्तूंग जिले के ड्रिनगढ़ इलाके में हुआ। यह बस ईरानी शहर ताफतान से क्वेटा जा रही थी।

बलूचिस्तान प्रांत के उपायुक्त तुफैल बलूच ने संवाददाताओं को बताया कि सड़क किनारे खड़ी कार में रिमोट कंट्रोल से विस्फोट किया गया। उन्होंने कहा कि इस हमले में 19 लोग मारे गए और 25 घायल हो गए। किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-झांगवी को ऐसे हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता रहा है। इस साल की शुरुआत में क्वेटा में शिया समुदाय के श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर आत्मघाती विस्फोट किया गया था जिसमें 14 लोग मारे गए थे। ये श्रद्धालु भी ताफतान से आ रहे थे।

उधर, पाकिस्तान में पेशावर के निकट तालिबान आतंकवादियों द्वारा अगवा किए गए 21 सुरक्षाकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पेशावर के सीमावर्ती इलाके जबाई में 11 शव बरामद किए गए हैं। यह स्थान खबर पख्तूनख्वाह की राजधानी पेशावर से कुछ दूरी पर है।

खबर है कि इन सुरक्षाकर्मियों को क्रिकेट के एक मैदान में गोली मारी गई है। दो अन्य सुरक्षाकर्मी भाग निकलने में कामयाब रहे, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। भाग निकलने में सफल रहे सुरक्षाकर्मियों में से एक ने स्थानीय प्रशासन को इस घटना के बारे में सूचित किया।

तालिबान ने गुरुवार को 23 सुरक्षाकर्मियों को अगवा कर लिया था। 200 से अधिक आतंकवादियों ने इन लोगों को अगवा किया। इन आतंकियों के पास अत्याधुनिक राइफल और ग्रेनेड थे। इस हमले के समय ही दो सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com