पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची में एक बड़ी घटना हो गई है. कराची के सोल्जर बाजार इलाके में विस्फोट के कारण एक तीन मंजिला आवासीय इमारत का हिस्सा ढह गया. इस दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 13 लोग मारे गए और 14 घायल हो गए हैं. जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट गैस लीक होने के बाद लगी चिंगारी की वजह से हुआ है. यह घटना सोल्जर बाजार के गुल राणा कॉलोनी इलाके में एक आवास पर हुई. घायलों और मृतकों को सिविल अस्पताल ले जाया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार मरने वालों में से 4 बच्चे थे और तीन महिलाएं. मौका-ए-वारदात पर मौजूद बचाव कर्मियों के अनुसार विस्फोट बुधवार रात को पहली मंजिल पर हुआ, जिससे इमारत का एक हिस्सा ढह गया. अब पुलिस और बचाव टीम उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल तलाशी अभियान में कर रही है. डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि विस्फोट गैस लीक के कारण हुआ, संभवतः सिलेंडर या गैस सक्शन मशीन से गैस लीक हुई.
कमजोर इमरतों से भरी पड़ी है कराची
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई 2025 में कराची के ल्यारी इलाके में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए. ल्यारी इलाके का नाम आपने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर में सुना होगा. उस पांच मंजिला इमारत को उसकी टूटी-फूटी संरचना के कारण अधिकारियों ने पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया गया था.
उस समय एक बयान में, सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी ने कहा था कि पूरे कराची में 588 इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया था. गौरतलब है कि पूरे पाकिस्तान में छत और इमारतों का गिरना आम बात है, जिसका मुख्य कारण खराब सुरक्षा मानक और घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं