विज्ञापन

हवा में 50 फीट ऊपर लटके रहे कई बच्चे और माता-पिता, दो घंटे तक अटकी रहीं सांसें

गनीमत यह रही कि दमकलकर्मियों की सूझबूझ और कड़ी मेहनत की वजह से इस दर्दनाक हादसे में सभी को सुरक्षित बचा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.

हवा में 50 फीट ऊपर लटके रहे कई बच्चे और माता-पिता, दो घंटे तक अटकी रहीं सांसें

न्यूयॉर्क के लोंग आइलैंड स्थित एक मशहूर अम्यूजमेंट पार्क में झूला अचानक हवा में जाकर रुक गया. इस दौरान कई मासूम बच्चे और उनके माता-पिता जमीन से 50 फीट से भी ज्यादा की ऊंचाई पर हवा में लटके रह गए.इस खतरनाक स्थिति में फंसे लोग करीब दो घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच झूलते रहे, जिसके बाद फायरफाइटरों ने एक बेहद मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

घटना फार्मिंगडेल में स्थित 'एडवेंचरलैंड' अम्यूजमेंट पार्क की है. यहां लगे 'वेव ट्विस्टर' नाम के राइड में अचानक खराबी आ गई. झूला जैसे ही अपनी पूरी ऊंचाई पर पहुंचा, वह अचानक ठप हो गया. झूले पर बैठे बच्चों और अभिभावकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे हवा में ही कैद हो गए. पार्क में नीचे खड़े लोग और झूले पर फंसे लोगों के परिजन यह मंजर देखकर दहशत में आ गए.

कैसे हुआ रेस्क्यू ?

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. चूंकि झूला 50 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर था. जरा सी भी लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकती थी. दमकलकर्मियों ने हाइड्रोलिक सीढ़ियों की मदद से एक-एक करके लोगों तक पहुंचना शुरू किया. हवा में लटके बच्चे बुरी तरह डरे हुए थे, जिन्हें संभालते हुए सुरक्षित नीचे उतारना सबसे बड़ी चुनौती थी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन इतना जटिल था कि सभी लोगों को सुरक्षित जमीन पर लाने में दो घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया. इस दौरान झूले पर फंसे लोगों की सांसें अटकी रहीं और नीचे खड़े लोग उनके सुरक्षित आने की दुआएं मांगते रहे.

अम्यूजमेंट पार्कों में राइड्स के हादसों का वैश्विक आंकड़ा

अम्यूजमेंट पार्कों में इस तरह के हादसे पहली बार नहीं हुए हैं. हालांकि इन पार्कों को मनोरंजन और रोमांच का केंद्र माना जाता है, लेकिन तकनीकी चूक की वजह से होने वाली ये घटनाएं अक्सर गंभीर रूप ले लेती हैं. इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ ए्यूजमेंट पार्क्स एंड अट्रैक्शंस (IAAPA) के वैश्विक आंकड़ों और सुरक्षा रिपोर्टों के अनुसार, केवल संयुक्त राज्य अमेरिका में ही हर साल फिक्स्ड-साइट अम्यूजमेंट पार्क राइड्स पर लगभग 1,000 से 1,200 के बीच चोट लगने की घटनाएं दर्ज की जाती हैं. इनमें से कुछ घटनाएं मामूली होती हैं, तो कुछ में वेव ट्विस्टर जैसी खतरनाक स्थितियां पैदा हो जाती हैं.

यूएस कंज्यूमर प्रोडक्ट सेफ्टी कमीशन (CPSC) के डेटा के मुताबिक, दुनिया भर के मोबाइल कार्निवल और थीम पार्कों को मिलाकर हर साल हजारों लोग इन राइड्स की खराबी के कारण आपातकालीन विभागों तक पहुंचते हैं.

यह भी पढ़ें: बढ़ती आबादी से घबराए पाकिस्तान का बड़ा फैसला: गर्भनिरोधक और पीरियड्स टैक्स खत्म, कहां क्या नियम

लेखक के बारे में
img
चंदन सिंह राजपूत
Senior Sub Editor
चंदन सिंह राजपूत एनडीटीवी हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर कार्यरत हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 5 साल का अनुभव है. एनडीटीवी से पहले बीबीसी हिंदी, क्विंट... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com