
अफगानिस्तान के एक गांव में हुए भूस्खलन में अधिकतम करीब 500 लोगों के मारे जाने की आशंका है। देश के अधिकारियों ने यह ताजा जानकारी देते हुए अपनी पिछली सूचना में संशोधन किया, जिसमें कहा गया था कि 2500 लोगों के मारे जाने की आशंका है।
बदख्शां प्रांत के उपगवर्नर गुल मोहम्मद बेदार ने कहा, 'पिछला आंकड़ा हमारे तकनीकी दल का नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों से हासिल करके बताया गया था।' उन्होंने कहा, 'हमारा अनुमान है कि मरने वालों की संख्या 500 से अधिक नहीं जाएगी।'
ज्यादातर ग्रामीण दो मस्जिदों में जुमे की नमाज पढ़ रहे थे कि तभी वे मलबे के विशाल ढेर में दफन हो गए। जब लोग मलबे की चपेट में आए लोगों की मदद करने पहुंचे तो तभी दूसरा भूस्खलन हो गया और ये लोग भी वहीं दफन हो गए।
बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने कहा कि अब तक 300 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
बदख्शां गर्वनर शाह वलीउल्लाह अदीब ने मौके पर संवाददाताओं से कहा, 'हमारी रिपोर्ट के अनुसार, मलबे में 300 घर दबे हैं।' उन्होंने कहा, 'हमारे पास मरने वाले करीब 300 लोगों की सूची है।' उन्होंने कहा, 'हम अब खोज एवं बचाव अभियान जारी नहीं रख सकते क्योंकि घर कई मीटर गाद में दबे हैं। हम पीड़ितों के लिए प्रार्थना करेंगे और एक क्षेत्र को सामूहिक कब्रिस्तान बनाएंगे।'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं