वेनेजुएला के बाद अब फिलीपींस में तेज भूकंप आया है. यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में आए इस भूकंप की तीव्रता 6.5 दर्ज की गई. इसी इलाके में कुछ दिन पहले भी जबरदस्त भूकंप आया था, जिसमें 80 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी.
USGS के मुताबिक, भूकंप शाम 7:42 बजे (11:42 GMT) मिंडानाओ द्वीप के जोस अबाड सैंटोस शहर से लगभग 35 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में 52.4 किलोमीटर की गहराई पर आया. एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता को शुरुआती 6.7 से बदलकर 6.5 कर दिया.
एजेंसी ने फिलहाल सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. सांता मारिया शहर के बचाव अधिकारी जेरसन तलाहिग ने AFP को बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने या किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है. उन्होंने कहा, 'झटके काफी तेज थे, लेकिन वे कम समय के लिए थे. हमने देखा कि मेज और कुछ लाइटें हिल रही थीं.'
8 जून को भी आया था जबरदस्त भूकंप
इससे पहले 8 जून को भी फिलीपींस के दक्षिणी द्वीप मिंडानाओ के तट के पास 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. इस भूकंप में 1,403 लोग घायल हुए. इस भूकंप से 75,300 से अधिक परिवार यानी करीब 3.46 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. इनमें से 45,000 से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा, जबकि 12,600 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए. भूकंप के कारण 45 तरह की घटनाएं भी हुईं, जिनमें ज्यादातर भूस्खलन शामिल हैं.
वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या हुई 235
वहीं वेनेजुएला में बुधवार शाम को दो जबरदस्त भूकंप आए. भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या पहले बताए गए 32 से बढ़कर 235 हो गई है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश के उत्तरी इलाकों में आए दो भीषण भूकंपों के बाद बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए तीन प्रमुख कदमों की घोषणा की है.
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला में भूकंप तो बस मुसीबत की शुरुआत थी...लूटपाट, बिजली-मोबाइल नेटवर्क ठप, यूं समझिए कोहराम मचा हुआ है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं