- वेनेजुएला में भूकंप से कम से कम 235 लोगों की मौत की पुष्टि, हजारों में पहुंच सकता है फाइनल आंकड़ा
- वेनेजुएला के ला गुआइरा इलाके में भूकंप के बाद लूटपाट की घटना हुई, लोग सुपरमार्केट से सामान लेकर भागते दिखे
- खासकर उत्तर-मध्य राज्य ला गुएरा और राजधानी काराकस मेट्रोपॉलिटन में बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप पड़ गया है
वेनेजुएला में आया भीषण दोहरा भूकंप अब एक बड़े मानवीय संकट में बदलता जा रहा है. सैकड़ों मौतों की पुष्टि हो चुकी है लेकिन डर है कि यह आकंड़ा हजारों में जा सकता है. जहां एक ओर बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर लूटपाट की खबर भी सामने आई है. बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप होने से लोगों का अपनों से संपर्क टूट गया है. लोगों को पता नहीं चल पा रहा कि उनके अपने कहां है. हजारों परिवार बेघर हैं, अस्पताल घायलों से भरे हुए हैं और राहत पहुंचाने में भी भारी मुश्किलें आ रही हैं. हालात इतने खराब हैं कि दुनिया के कई देश मदद के लिए आगे आए हैं.
भूकंप के बाद लूटपाट
AFP की रिपोर्ट के अनुसार उसके पत्रकारों ने देखा कि वेनेज़ुएला के ला गुआइरा इलाके में गुरुवार को कम से कम एक दुकान में लूटपाट हुई. इस इलाके में 7.5 और 7.2 तीव्रता के भूकंपों से भारी नुकसान हुआ है. मौके पर मौजूद AFP की टीम ने बताया कि कैटिया ला मार शहर में कुछ पुरुष और महिलाएं सामान से भरे बैग लेकर एक ऐसे सुपरमार्केट से बाहर निकले जो आंशिक रूप से जल चुका था.
बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप
वेनेजुएला के कई इलाकों, खासकर उत्तर-मध्य राज्य ला गुएरा और राजधानी काराकस मेट्रोपॉलिटन में बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप पड़ गया है. भूकंप ने इससे जुड़े इंफ्रास्ट्रकचर को भारी नुकसान पहुंचाया है. फोन नहीं काम कर रहा तो लोग सैटेलाइट इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं. लोग सोशल मीडिया के जरिए अपनों को खोजने की कोशिश कर रहे हैं.
जहां कुछ लोग गिरी हुई इमारतों के मलबे के नीचे खोज करने के लिए तेजी से आगे बढ़े, वहीं दूसरों ने WhatsApp, फेसबुक और X पर अपने रिश्तेदारों की जानकारी वाले डिजिटल फ़्लायर बनाए हैं. यानी तलाश वाले पोस्ट डाल रहे हैं. गुरुवार को वेनेजुएला में संयुक्त राष्ट्र यानी UN के मानवाधिकार मिशन ने एक बयान जारी कर अंतरिम सरकार से सोशल मीडिया पर लगी स्थानीय बैन को हटाने की अपील की और कहा कि सोशल मीडिया के जरिए भरोसेमंद जानकारी समय पर मिलने से लोगों की जान बचाई जा सकती है. UN की अपील के कुछ ही समय बाद, वेनेज़ुएला के लोग X का इस्तेमाल कर पा रहे थे.
एक मां अपने लापता बेटे को खोजने के लिए हाथों से बिल्डिंग का मलबा हटा रही!
वेनेजुएला से कई ऐसी तस्वीरें सामने आ रहीं जो रूह को कंपा रहीं और स्थानीय लोगों की बेबसी को दिखा रही. एम्पारो डेल ज्यूडिस नाम की एक मां मलबे में दबे अपने बेटे की तलाश में कंक्रीट के एक बड़े ढेर को अपने नंगे हाथों से खोद रही थी. एएफपी से बात करते हुए उन्होंने कहा, "वहां बहुत सारे पत्थर हैं और खाली हाथों से उन्हें हटाना नामुमकिन है."
मदद के लिए अमेरिकी सेना पहुंची
अमेरिकी सेना भी वेनेजुएला में मदद कर रही है. शुक्रवार को उसने बताया कि वेनेजुएला की राजधानी काराकास में एक सीनियर अमेरिकी सैन्य अधिकारी पहुंचे हैं. वे वहां भूकंपों के बाद राहत कार्यों की देखरेख करेंगे. अमेरिकी सदर्न कमांड (SOUTHCOM) ने X पर लिखा, "अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के मेजर जनरल केविन जे. जारार्ड आज वेनेजुएला के काराकास पहुंचे. वे वेनेजुएला में भूकंप राहत कार्यों के लिए अमेरिकी सेना की ओर से दी जा रही मदद की देखरेख करेंगे."
कमांड ने यह भी बताया कि जारार्ड वहां SOUTHCOM के सीनियर अधिकारी के तौर पर काम कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं