विज्ञापन
This Article is From Mar 24, 2011

सीरिया में प्रदर्शकारियों पर गोलीबारी, 10 मरे

दमिश्क/डेरा: सीरिया के डेरा शहर में सरकार विरोधी प्रदर्शकारियों पर पुलिस गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। समाचार वेबसाइट 'बीबीसी डॉट को डॉट यूके' के अनुसार डेरा के मध्य इलाके में रैली निकालने के लिए आसपास के ग्रामीण इलाकों से सैकड़ों युवक जुटे हुए थे। उसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। एक सीरियाई मानवाधिकार कार्यकर्ता ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में कम से कम 37 लोग मारे गए हैं। डेरा शहर में एक मस्जिद परिसर पर सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारे गए छह प्रदर्शनकारियों के अंतिम संस्कार के दौरान जुटे लोगों पर भी पुलिस ने गोलियां बरसाईं।  बुधवार की हिंसा से पहले सीरिया के दक्षिणी शहर डेरा में सुरक्षा बलों के साथ हिंसक झड़पों में कम से कम 12 लोग मारे गए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इन मौतों के खिलाफ पारदर्शी जांच की मांग की है और इनके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है। उधर, अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, "सार्वभौमिक अधिकारों की मांग करने वाले लोगों के खिलाफ सीरियाई सरकार की हिंसात्मक कार्रवाई, धमकियां और मनमाने तरीके से उनकी गिरफ्तारियां बेहद चिंताजनक है।" डेरा शहर में ताजा हिंसा बुधवार तड़के भड़क उठी। गत शुक्रवार से ही ओमारी मस्जिद के बाहर सैकड़ों लोग जुटे हुए हैं। ये प्रदर्शनकारी सुरक्षाबलों को मस्जिद में दाखिल होने से रोकने की कोशिशों के तहत वहां डटे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी रात को बिजली काट दी गई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी और आंसू गैस छोड़ना शुरू कर दिया। 'ह्यूमन राइट्स वाच' के वरिष्ठ अनुसंधानकर्ता नदीम हौरी ने बताया, "पुलिस की कार्रवाई में कई लोगों के मरने और घायल होने की जानकारी मिली है।" इस बीच, बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने छह प्रदर्शनकारी महिलाओं को रिहा कर दिया है। इन्हें राजनीतिक कैदियों की रिहाई को लेकर दमिश्क में आंतरिक मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गोलीबारी, मौत, सीरिया, प्रदर्शनकारी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com