विज्ञापन

शुगर कंट्रोल चूर्ण में मिली ये अंग्रेजी दवा, हिरण के सींग से बना रहे थे आयुर्वेदिक भस्म, फैक्ट्री पर छापा

Uttarakhand News: छापेमारी में टीम को हिरण के सींग भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल आयुर्वेदिक भस्म बनाने में किया जा रहा था. टीम ने मौके से एक अवैध असलाह और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक स्वरूप सिंह को भी हिरासत में लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है.

शुगर कंट्रोल चूर्ण में मिली ये अंग्रेजी दवा, हिरण के सींग से बना रहे थे आयुर्वेदिक भस्म, फैक्ट्री पर छापा
Uttarakhand Fake Medicine Factory Busted English Drugs and Deer Antlers Used in Ayurvedic Powder

Uttarakhand Fake Medicine Factory Busted: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के दिनेशपुर में एक नकली दवा की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. 'प्रीत फ़ूड' के नाम से फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. शिकायत के बाद एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, वन विभाग और औषधि विभाग की टीम के साथ फैक्ट्री में छापा मारा. इस दौरान टीम को शुगर-विटामिन की गोलियां और अंग्रेजी दवाओं के जखीरे के साथ हिरण के सींग भी मिले. सींग को पीसकर आयुर्वेदिक भस्म और दवा को पीसकर 'शुगर कंट्रोल' के नाम पर आयुर्वेदिक चूर्ण बनाकर बेचा जा रहा था.

अंग्रेजी दवा को पीसकर बनाया जा रहा था आयुर्वेदिक चूर्ण 

गदरपुर डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति की शिकायत के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी. जिसमें पुलिस, वन विभाग और स्वास्थ्य  समेत अन्य विभाग के अधिकारी शामिल थे. टीम ने संयुक्त रूप से नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित एक घर में छापा मारा, जहां नकली दवा की फैक्ट्री चल रही थी. टीम ने मौके से अंग्रेजी दवाओं का जखीरा बरामद किया है. इसमें शुगर, विटामिन डी समेत अन्य दवा शामिल हैं. इन सभी को पीसकर 'शुगर कंट्रोल' नाम से आयुर्वेदिक चूर्ण बनाया जा रहा था. जिसे देश के कई हिस्सों और विदेश में भी बेचा जा रहा था. 

छापेमारी में मिले हिरण के सींग.

छापेमारी में मिले हिरण के सींग.

हिरण के सींग पीसकर बनाई जा रही थी भस्म 

छापेमारी के दौरान टीम को हिरण के सींग भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल आयुर्वेदिक भस्म बनाने में किया जा रहा था. टीम ने मौके से एक अवैध असलाह और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक स्वरूप सिंह को भी हिरासत में लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है.

फायदा नहीं होने पर व्यक्ति ने की थी शिकायत 

गदरपुर डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह ने बताया कि यह पूरा खुलासा एक व्यक्ति की शिकायत पर हुआ है. उसने शुगर के लिए यह आयुर्वेदिक दवा खरीदी थी, जिससे उसे कोई फायदा नहीं हुआ. नुकसान के बाद उसने इसकी शिकायत कलेक्टर से की थी. पुलिस आरोपी स्वरूप से पूछताछ कर रही है. जांच में जो भी खुलासा होगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि टीम ने अवैध फैक्ट्री पर सोमवार 20 अप्रैल की दोपहर छापा मारा था, देर रात तक कार्रवाई जारी रही. 

(उधम सिंह नगर से मुनेश चौहान की रिपोर्ट) 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com