- आस्था के केंद्र में तेज संगीत पर विवाद, स्थानीय लोगों ने रखी अपनी बात
- श्रद्धालुओं ने कहा- धार्मिक स्थलों पर आयोजनों के लिए बने स्पष्ट दिशा-निर्देश
- बद्रीनाथ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर नहीं, उनके स्वरूप पर सवाल
उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित बद्रीनाथ धाम में आयोजित कल्चरल फेस्टिवल को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. धाम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान तेज आवाज में DJ पर संगीत बजाने और गढ़वाली तथा फिल्मी गीतों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां होने वाले किसी भी आयोजन में धार्मिक मर्यादा, आध्यात्मिक वातावरण और स्थानीय भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
धार्मिक माहौल और पर्यावरण को लेकर जताई चिंता
बद्रीनाथ कोई मैदान नहीं ये हाई हिमालयन जोन है 10,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर है चारों तरफ हिमालय नदियां ग्लेशियर और बेहद नाजुक हिमालयी इकोलॉजी. स्थानीय लोगों का कहना है कि बद्रीनाथ धाम केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र है. हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन और आध्यात्मिक शांति की तलाश में यहां पहुंचते हैं. ऐसे में धाम के वातावरण को शांत और श्रद्धापूर्ण बनाए रखना जरूरी है.
तेज संगीत और वायरल वीडियो पर आपत्ति
कल्चरल फेस्टिवल के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाए जाने और गढ़वाली तथा फिल्मी गीतों पर आधारित कार्यक्रमों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है.
उनका मानना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन गलत नहीं है, लेकिन उनकी प्रकृति और प्रस्तुति धार्मिक वातावरण के अनुरूप होनी चाहिए.
सांस्कृतिक आयोजन पर नहीं, तरीके पर आपत्ति
धाम से जुड़े लोगों का कहना है कि उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कोई आपत्ति नहीं है. हालांकि उनका मानना है कि जिस स्थान पर धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और साधना का वातावरण हो, वहां अत्यधिक शोर और तेज संगीत से बचना चाहिए. श्रद्धालुओं का कहना है कि बद्रीनाथ धाम की पहचान उसकी आध्यात्मिक शांति और धार्मिक परंपराओं से है, इसलिए आयोजनों में इन मूल्यों को बनाए रखा जाना चाहिए.
भविष्य के लिए दिशा-निर्देश बनाने की मांग
मामले को लेकर अब लोगों ने प्रशासन और संबंधित संस्थाओं से स्पष्ट दिशा-निर्देश तय करने की मांग की है. लोगों ने कहा कि भविष्य में बद्रीनाथ धाम में होने वाले किसी भी सांस्कृतिक या सार्वजनिक आयोजन के लिए धार्मिक मर्यादा, स्थानीय परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नियम बनाए जाने चाहिए.
यह भी पढ़ें : चारधाम यात्रा: केदारनाथ-बद्रीनाथ से हेमकुंड तक 800 टन कूड़े-कचरे का पहाड़, फूलों की घाटी में भी फैला प्लास्टिक का जहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं