- काशी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंगा किनारे राहुल गांधी का अनोखे तरीके से मनाया जन्मदिन.
- 'परशुराम' अवतार में दिखाकर पोस्टर पर चढ़ाया दूध.
- पोस्टर में राहुल गांधी एक हाथ में फरसा तो एक हाथ में संविधान पकड़े हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर कांग्रेस कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है. कांग्रेस के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी है. उधर, वाराणसी में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा जश्न मनाया. उन्होंने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया, जिनके हाथ में संविधान की प्रति भी है. कार्यकर्ताओं ने दूध से उनका अभिषेक किया और लड्डू का केक काटा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी है. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं.
Varanasi, Uttar Pradesh: On Lok Sabha LoP Rahul Gandhi's birthday, Youth Congress workers held a unique celebration in Kashi, portraying him as Lord Parashurama, performing a milk abhishek, celebrating in the Ganga, cutting a laddoo cake, and displaying him holding a copy of the… pic.twitter.com/2HWWXZ1wk1
— IANS (@ians_india) June 19, 2026
दूध और गंगाजल से किया अभिषेक
वाराणसी में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर पोस्टर पर दूध और गंगाजल से किया अभिषेक. पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर में एक हाथ में फरसा तो दूसरे हाथ में संविधान की किताब पकड़े हैं.
जलाभिषेक करने वाले परशुराम के वंशज- कांग्रेस प्रवक्ता
राहुल गांधी के 'परशुराम' अवतार वाले पोस्टर पर जलाभिषक को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत का कहना है कि जिन लोगों ने बनारस में यह कार्यक्रम आयोजित किया वो सभी ब्राह्मण हैं और परशुराम के वंशज हैं. ऐसा करके उन्होंने अपनी भावना जाहिर की. सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा पर आगे निशाना साधते हुए कहा, "सनातन की बात करते हुए बीजेपी को शर्म आनी चाहिए जो प्रभु राम का चंदा और चढ़ावा चोरी करती हो, गाय काटने की इजाजत देती हो, शंकराचार्य को पालकी से उतरवाती हो और उनपर पॉक्सो का केस दर्ज करवाती हो! बीजेपी को नर्क में भी जगह नहीं मिलेगी."
नायक को नायक के साथ जोड़कर देखते हैं लोग- कन्हैया कुमार
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने इस मामले में कहा, "लोग देश के नायक को अपने नायक के साथ जोड़ कर देखते हैं. इसमें कुछ गलत नहीं है. कुछ लोग राहुल गांधी को अंबेडकर और बिरसा मुंडा की तरह देखते हैं. क्या बीजेपी का परशुराम पर पेटेंट है? ये नाथूराम की तस्वीर लगाएं. हिंदू होने और संघी होने में फर्क होता है."
कांग्रेस ने राहुल गांधी को दी जन्मदिन की बधाई
कांग्रेस ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- ऐसी दुनिया में जहां ज्यादातर लोग चुप रहना पसंद करते हैं, आपने हमेशा उस बात के लिए आवाज उठाई है जिसे आप सही मानते हैं. अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ आपकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है.
आप लोगों को यह विश्वास दिलाते हैं कि राजनीति सिर्फ सत्ता पाने की बेरहम दौड़ नहीं है, बल्कि यह बदलाव लाने का एक सशक्त जरिया है. यह उसूलों पर चलने वाली और करुणा से प्रेरित हो सकती है.
यह भी पढ़ें- Rahul Gandhi Birthday: 56 साल के हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, PM मोदी ने दी जन्मदिन की विशेष बधाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं