- बिहार के बेगूसराय में एक महिला और उसके प्रेमी ने पति की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंकने का आरोप है.
- पति धीरज राय की गुमशुदगी की रिपोर्ट पत्नी डोली ने दर्ज कराई थी, लेकिन वह खुद साजिश में शामिल पाई गईं.
- पुलिस ने चोरी हुए ट्रैक्टर की जांच के दौरान इस हत्याकांड का खुलासा किया और आरोपितों को गिरफ्तार किया.
बिहार के बेगूसराय में सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है. जिस पत्नी ने अपने पति के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी और पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाई थी, उसी पर अब अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. आरोप है कि प्रेमी ने महिला के पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया. चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने इस कथित हत्याकांड का खुलासा एक चोरी हुए ट्रैक्टर की जांच के दौरान किया. पुलिस ने पत्नी डोली और उसके कथित प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि घटना के कई दिनों बाद भी मृतक धीरज राय का शव बरामद नहीं हो सका है.
दरअसल, यह मामला बेगूसराय के गढ़हरा थाना क्षेत्र के बारो रामपुर टोला का है. यहां के निवासी धीरज कुमार राय 14 अक्टूबर 2026 की शाम घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनकी पत्नी डोली ने गढ़हरा थाने में पति की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई. प्राथमिकी में रामदीरी निवासी मुकेश कुमार पर आर्थिक लेनदेन के विवाद में धीरज को गायब करने की आशंका जताई गई थी. पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मुकेश को न्यायालय से जमानत मिल गई.
इधर, धीरज के परिजनों को लगातार मुकेश पर शक था. परिवार का आरोप था कि धीरज की पत्नी डोली के नाम पर खरीदा गया ट्रैक्टर मुकेश वापस नहीं कर रहा था. इसके बाद 14 नवंबर को ट्रैक्टर विवाद को लेकर मुकेश के खिलाफ गढ़हरा थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार को ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो धीरज की गुमशुदगी के पीछे छिपे कथित हत्याकांड का खुलासा हुआ.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुकेश कुमार ने धीरज की हत्या करने की बात स्वीकार की. उसने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी और डोली की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया. बताया जाता है कि धीरज के ड्यूटी पर रहने के दौरान मुकेश का घर आना-जाना भी शुरू हो गया था. आसपास के लोगों के सवाल पूछने पर डोली उसे अपना मौसेरा भाई बताती थी.
पुलिस के मुताबिक, धीरज इस रिश्ते का विरोध करता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी. आरोप है कि दोनों ने मिलकर धीरज को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पूछताछ में मुकेश ने बताया कि वह धीरज को अपनी कार में बैठाकर ले गया और वहीं मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को सिमरिया के पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया. मुकेश ने कथित तौर पर बाद में डोली को उसके नए मोबाइल नंबर पर हत्या की जानकारी भी दी थी.
जांच में आर्थिक पहलू भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, मुकेश ने धीरज और डोली को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के सपने दिखाए थे. पत्तल बनाने की फैक्ट्री शुरू कराने के नाम पर लोगों से कर्ज दिलवाया गया. मृतक के भाई विकास राय के अनुसार, फैक्ट्री लगाने के लिए परिवार की जमीन तक बैंक में गिरवी रख दी गई थी. बाद में मुकेश ने ठेकेदारी के काम में ट्रैक्टर लगाकर कमाई का सपना दिखाया और डोली के नाम पर ट्रैक्टर खरीदा गया. इसी ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया.
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू धीरज राय के दो मासूम बच्चों का भविष्य है. जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता के प्यार और सुरक्षा की जरूरत होती है, उस उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया और मां भी हत्या के आरोप में जेल पहुंच गई. फिलहाल दोनों बच्चे परिवार के अन्य सदस्यों के संरक्षण में रह रहे हैं.
पुलिस ने पत्नी डोली और उसके कथित प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती धीरज राय के शव को गंगा नदी से बरामद करना है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि धीरज राय की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी पत्नी ने ही दर्ज कराई थी. पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मुकेश ने धीरज की हत्या करने और पत्नी के साथ मिलकर शव को गंगा नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है.
ये भी पढ़ें : अगर यूनिवर्सिटी बनाने की ये कीमत चुकानी होती तो जेल जाने के बजाय रिक्शा चलाना पसंद करता: आजम खान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं