- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर गुंडागर्दी, अराजकता और दंगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है
- गोरखपुर रोड शो के दौरान हुई अराजकता और एक नाबालिग की मौत को लेकर योगी ने विपक्ष की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए
- योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सपा को गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू की पर्याय बताते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा जनता के साथ धोखा किया है. मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान हुई कथित अराजकता और एक 12-13 वर्षीय किशोर की मौत का जिक्र करते हुए विपक्ष पर संवेदनहीनता का आरोप भी लगाया.
सीएम योगी ने कहा कि एक नाबालिग लड़के को अखिलेश यादव ने अपने रोड शो का शिकार बना दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस 12-13 साल के मासूम की गलती क्या थी? वह अपने परिवार के साथ रह रहा था और एक प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ाई करने के लिए आया था. मुख्यमंत्री ने किशोर की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है.
'सपा गुंडागर्दी और अराजकता की पर्याय'
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है. उन्होंने आरोप लगाया कि हर माफिया इनका सगा है और जनता के साथ इन्होंने हमेशा धोखा किया है. सीएम योगी ने कहा कि कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह गुंडे और माफिया भी डंडे के बल पर ही सीधे हो सकते हैं. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
मासूम की मौत पर कार्रवाई के निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने किशोर की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह शाम को पीड़ित परिवार से मिलने भी जाएंगे. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को ढूंढकर उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिसे कई पीढ़ियां याद रखें. मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना के बाद भी माफिया और गुंडागर्दी को संरक्षण देने वाले लोग मौन रहे. उनके पास पीड़ित परिवार के लिए संवेदना के दो शब्द तक नहीं थे. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
'सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अच्छी सड़कें इसलिए बनाई गई हैं, ताकि आम जनता बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सके. सड़कें सपा और कांग्रेस के गुंडों के लिए अराजकता फैलाने का माध्यम नहीं हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने दोबारा माफियागीरी दिखाने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में भी देर नहीं होगी. योगी ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज प्रदेश की बेटियां बेखौफ होकर स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय जा रही हैं, क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि किसी बेटी, बहन या मां की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और गरीबों व निराश्रितों की जमीन पर कब्जा करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम.
ये भी पढ़ें:- यहां दंगाइयों का इलाज होता है... सीएम योगी ने बताया UP 'लॉ-लेस लैंड' से 'लैंड ऑफ लॉ' कैसे बना
2027 चुनाव को लेकर विपक्ष को दी चुनौती
मुख्यमंत्री योगी ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोगों को गलतफहमी है कि वे अराजकता फैलाकर जबरन जनता का वोट हासिल कर लेंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें बार-बार जवाब दे रही है. उन्होंने दावा किया कि 2027 का चुनावी मैदान तैयार है और जनता एक बार फिर अपना फैसला सुनाएगी. योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या का मुद्दा उठाते हुए भी समाजवादी पार्टी को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठी-डंडे चलवाए और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया, वे आज जनता के सामने राजनीतिक दावे कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- यूपी पंचायत चुनाव अब विधानसभा चुनाव के बाद मई में होंगे, योगी कैबिनेट ने पंचायती राज अध्यादेश को दी मंजूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं