विज्ञापन

लाखों का कर्ज और पिता के चरित्र पर शक: कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बेटे ने कबूला गुनाह

कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, 40 लाख रुपये के कर्ज और पिता के चरित्र पर संदेह के कारण बेटे सुब्रत ने ही पूर्व नौकर विशाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया. 

लाखों का कर्ज और पिता के चरित्र पर शक: कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बेटे ने कबूला गुनाह
कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा
  • कानपुर के दवा व्यापारी विनीत मिनोचा की हत्या में उनके पुत्र सुब्रत ने नौकर विशाल के साथ मिलकर साजिश रची थी
  • सुब्रत ने पिता के चरित्र पर संदेह और पैंतालीस लाख रुपये के कर्ज के चलते हत्या की योजना बनाई थी
  • पुलिस ने बताया कि बहू शालू इस मामले में लगभग निर्दोष है और मुख्य साजिशकर्ता सुब्रत ही है

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चर्चित दवा व्यापारी हत्याकांड में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि 40 लाख रुपये के कर्ज और पिता के चरित्र पर गहरे संदेह के चलते पुत्र सुब्रत ने ही अपने पुराने नौकर विशाल के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलाया. हत्या की पूरी साजिश उसी ने रची थी. इस पूरे मामले का खुलासा कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने किया है.

पुलिस बोली- बहू शालू एक तरह से निर्दोष

पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे हत्याकांड में बहू शालू एक तरह से निर्दोष है. पुलिस के मुताबिक, पुत्र सुब्रत ही मुख्य साजिशकर्ता है. उसी ने पूर्व नौकर विशाल, जिसे पुलिस सुपारी किलर मान रही है, के साथ मिलकर हत्या की योजना तैयार कराई. पुलिस का यह भी कहना है कि पकड़े जाने की स्थिति में सुब्रत ने विशाल को अपनी पत्नी शालू का नाम लेने के लिए कहा था.

सुब्रत ने कबूला जुर्म

उधर, मीडिया से बातचीत में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सुब्रत ने भी स्वीकार किया कि उसने ही अपने पिता की हत्या कराई है. उसने बताया कि वह पिछले तीन से चार महीने से इस हत्याकांड की योजना बना रहा था.

सुब्रत के अनुसार, जुलाई महीने में उसने घर में लगा एक कैमरा बंद कर दिया था. इसके बाद उसने नौकर विशाल से कहा था कि दूसरी तरफ से घर में आकर सबसे पहले सामने वाला कैमरा भी बंद कर देना.

पूछताछ में यह भी सामने आया कि सुब्रत को अपने पिता के चरित्र पर गहरा संदेह था. उसने विशाल को यह भी कहा था कि हत्या के बाद शालू का नाम ले लेना. हालांकि अब सुब्रत को इस बात का अफसोस है कि उसकी योजना के मुताबिक विशाल हत्या को अंजाम नहीं दे पाया.

5 सितंबर को हुई थी कारोबारी की हत्या

बता दें कि बीते 5 सितंबर को कानपुर के शीर्ष पांच दवा कारोबारियों में शुमार विनीत मिनोचा की निर्मम हत्या कर दी गई थी. जब पुलिस ने इस हत्याकांड की परतें खोलनी शुरू कीं तो जो तथ्य सामने आए, उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया.

शुरुआती जांच में पुलिस ने मृतक की बहू शालू और दो नौकरों को गिरफ्तार किया था. लेकिन इस मामले का सबसे चौंकाने वाला मोड़ 19 दिन बाद सामने आया, जब पुलिस ने मृतक के इकलौते बेटे सुब्रत को ही अपने पिता की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.

पिता ने खड़ा किया था करोड़ों का कारोबार

विनीत मिनोचा ने वर्ष 1968 में अपने कारोबार की नींव रखी थी. उन्होंने दिन-रात मेहनत करके, अपने खून-पसीने की कमाई से ऐसा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया था, जिसकी पहचान पूरे शहर में थी. एक पिता अपनी पूरी जिंदगी की कमाई और मेहनत आखिर किसके लिए करता है? जाहिर है, अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए. लेकिन इस हत्याकांड की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि जिस बेटे के लिए पिता ने अपना पूरा जीवन खपा दिया, उसी बेटे पर अब पिता की हत्या की साजिश रचने का आरोप है.  



यह भी पढ़ें- SDM अपूर्वा यादव के घर गूंजी डबल किलकारी, जुड़वा बच्चों की मां बनने वालीं पहली PCS अफसर!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, KANPUR, UP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com