- स्वास्थ्य विभाग में नई पोस्टिंग, शासन ने जारी किए आदेश
- लोकबंधु और बलरामपुर अस्पताल को मिले नए प्रमुख
- 8 वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों के तबादले से स्वास्थ्य महकमे में चर्चा तेज
UP Transfer List 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़े प्रशासनिक बदलाव करते हुए निदेशक ग्रेड के आठ वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. चिकित्सा अनुभाग-2 की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल में लखनऊ के प्रमुख सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय और परिवार कल्याण महानिदेशालय के कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. शासन का मानना है कि नई तैनातियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता आएगी. तबादला सूची में लोकबंधु अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, मानसिक रोग चिकित्सालय बरेली समेत कई अहम संस्थानों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है.
लोकबंधु और बलरामपुर अस्पताल को मिले नए प्रमुख
जारी आदेश के अनुसार डॉ. विवेक गुप्ता को निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, लोकबंधु श्री राज नारायण चिकित्सालय, लखनऊ नियुक्त किया गया है. वहीं डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह चौहान को निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है. दोनों अस्पताल प्रदेश की राजधानी के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शामिल हैं और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं.

UP Transfer List: स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव
Photo Credit: NDTV Reporter
महानिदेशालय में भी हुए अहम बदलाव
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं.
- डॉ. मनमोहन आर्य को निदेशक (नियोजन एवं बजट), स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, लखनऊ बनाया गया है.
- डॉ. नरेंद्र देव शर्मा को निदेशक (ग्रामीण स्वास्थ्य) नियुक्त किया गया है.
- डॉ. सुमन कुमार चौधरी को निदेशक (चिकित्सा उपचार) की जिम्मेदारी दी गई है.
- डॉ. मोहम्मद अतहर को निदेशक (स्वास्थ्य), स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है.
परिवार कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में नई जिम्मेदारियां
सरकार ने डॉ. खालिद रिजवान अहमद को निदेशक (परिवार कल्याण), परिवार कल्याण महानिदेशालय, लखनऊ नियुक्त किया है. वहीं डॉ. अल्पना रानी गुप्ता को बरेली स्थित मानसिक रोग चिकित्सालय का निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक बनाया गया है.
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
उत्तर प्रदेश शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उनसे अनुपालन रिपोर्ट भी शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है. स्वास्थ्य विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों के जरिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है.
यह भी पढ़ें : यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 181 PCS अफसरों का तबादला; 12 घंटे में दूसरी लिस्ट जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं