विज्ञापन

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया यूपी पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’; 6.5 मिनट में पुलिस की पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का पूरा वीडियो जारी कर दिया गया है. अमिताभ बच्चन की आवाज, शंकर महादेवन के संगीत और आलोक श्रीवास्तव के गीतों से सजे इस एंथम में पुलिस के साहस, सेवा, महिला सुरक्षा, आपदा राहत और जनसेवा की झलक दिखाई गई है.

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया यूपी पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’; 6.5 मिनट में पुलिस की पूरी कहानी
अमिताभ बच्चन की आवाज में यूपी पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम; ‘खाकी का सितारा’ रिलीज
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश पुलिस का पहला आधिकारिक गान ‘खाकी का सितारा' अब पूरे वीडियो के साथ दर्शकों के सामने आ गया है. 6.5 मिनट लंबे इस विशेष एंथम को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी किया गया है. वीडियो में उत्तर प्रदेश पुलिस की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा राहत और जनसेवा से जुड़ी भूमिकाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है. इस गान को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन के संगीत और स्वर तथा कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्दों ने खास बनाया है. एंथम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में लॉन्च किया था.

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया एंथम

गान के रिलीज होने के बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी इसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर साझा किया. उन्होंने लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर. खाकी का सितारा.”अमिताभ की यह पंक्ति एंथम के केंद्रीय भाव को सामने लाती है, जिसमें पुलिसकर्मियों की सेवा और समर्पण को सम्मान दिया गया है.

एक साल से अधिक समय में तैयार हुआ वीडियो

यूपी पुलिस के अनुसार, ‘खाकी का सितारा' कोई साधारण म्यूजिक वीडियो नहीं है. इसकी शूटिंग महाकुंभ-2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस-2026 तक अलग-अलग स्थानों और परिस्थितियों में की गई. करीब एक वर्ष से अधिक समय तक पुलिस के विभिन्न अभियानों, ड्यूटी, जनसेवा और आपदा प्रबंधन से जुड़े दृश्यों को कैमरे में कैद किया गया. इसके बाद इन्हें जोड़कर यह एंथम तैयार किया गया.

पुलिस की कई भूमिकाओं को किया गया प्रदर्शित

वीडियो में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे को भी प्रमुखता दी गई है. इसमें महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, तकनीकी पुलिसिंग, आपदा एवं राहत कार्य, सामाजिक जिम्मेदारियां और आम नागरिकों के साथ पुलिस के संबंधों को दिखाया गया है. गान का संदेश है, सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा.”

जहां वीरता होगी, वहां संवेदनशीलता भी होगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

एंथम लॉन्च कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस को अपराधियों के प्रति सख्ती और आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता का संतुलन बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा, “जहां वीरता होगी, वहां संवेदनशीलता भी होगी. लेकिन जहां वीरता नहीं होती, वहां असुरक्षा और अराजकता पैदा होती है.”मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीति अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की है, जबकि महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए.

शंकर महादेवन ने बताया करियर का विशेष अनुभव

गायक, संगीतकार और पद्मश्री सम्मानित शंकर महादेवन ने कहा कि ‘खाकी का सितारा' में योगदान देना उनके तीन दशक लंबे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि खाकी वर्दी के प्रति उनके सम्मान और भावनाओं का प्रतीक है.

कई हस्तियां रहीं मौजूद

लोक भवन में आयोजित लॉन्च समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा पद्मश्री नाना पाटेकर, शंकर महादेवन, गीतकार आलोक श्रीवास्तव और अभिनेता करण आनंद सहित फिल्म एवं संगीत जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं. करण आनंद ने इस एंथम में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है.

वर्दी के पीछे के इंसान की कहानी

‘खाकी का सितारा' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ पुलिस की सख्ती नहीं दिखाता, बल्कि वर्दी के पीछे मौजूद इंसान और उसके समर्पण को भी सामने लाता है. कानून व्यवस्था संभालने से लेकर संकट की घड़ी में लोगों की मदद करने तक, एंथम यूपी पुलिस के उस व्यापक स्वरूप को दिखाने का प्रयास करता है जिसे आम लोग अक्सर करीब से नहीं देख पाते.

यह भी पढ़ें : हुड़दंग किया, माहौल बिगाड़ा तो खैर नहीं... कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी ने दे दिया अल्टीमेटम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Police, Amitabh Bachchan, Yogi Adityanath, Shankar Mahadevan, Anthem
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com