एनडीटीवी ने सोमवार को 'उत्तर प्रदेश 2.0 गांव की रफ्तार' का आयोजन बरेली में किया. इसमें प्रदेश के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना शामिल हुए. इस सत्र का नाम 'स्वच्छ गांव, समृद्ध गांव' रखा गया था. इसमें डॉ. सक्सेना ने प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों पर विस्तार से अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आज योगी-मोदी की सरकार में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह संभल चुकी है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से उत्तम प्रदेश बनाने के बाद अब उसे सर्वोत्तम प्रदेश बनाया जा रहा है.
कैसी है उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था
डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधरी है. उन्होंने कहा कि पहले अखबार चोरी, डकैती, राहजनी, रंगदारी, महिलाओं के खिलाफ अपराध की खबरों से भरे रहते थे.लेकिन अब इन पर रोक लगाई गई है. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में 20 साल तक की आयु का युवा डकैती के बारे में तो जानता ही नहीं होगा.उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर उत्तम प्रदेश बनाया और अब उसे सर्वोत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आज दुनिया के 36 देशों ने अपना सर्वोच्च सम्मान हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को दिया है. उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि यह हर भारतवासी का सम्मान है. इसके साथ ही दुनिया में भारत की पहचान भी बदली है. उन्होंने कहा कि आप दुनिया के किसी भी देश में रहने वाले भारतीय से पूछिए तो वह बताएंगे कि वहां के लोगों में भारत के प्रति राय में सकारात्मक बदलाव आया है.
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस सरकार में पाकिस्तान आंतकवादी भेजता था. वो दिल्ली मुंबई और देश के दूसरे शहरों में आतंक फैलाते थे. हम अमेरिका से गुहार लगाते थे. लेकिन कोई नहीं सुनता था. लेकिन अब मोदी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंक के अड्डों को तबाह किया. आपरेशन सिंदूर में भी यही काम किया गया, इससे दुनिया भर में देश का सम्मान बढ़ा है. इन कार्रवाइयों से पाकिस्तान सहम गया है और जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में कमी आई है.
उत्तर प्रदेश में बढ़ता निवेश
उन्होंने कहा कि आज योगी आदित्यनाथ की सरकार में उद्योगपति उत्तर प्रदेश में आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले जहां प्रदेश के निवेश समिट प्रदेश से बाहर होते थे, आज वो उत्तर प्रदेश में ही हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में 50-60 लाख के समझौता ज्ञापनों पर दस्तखत (एमओयू) हुए हैं. इससे लोगों को काम मिलेगा और जहां-जहां उद्योग लगेंगे, वहां रौनक आएगी.
डॉक्टर सक्सेना ने बताया कि वो युवाओं को सलाह देते हैं कि वो 16 घंटे तक पढ़ने की आदत डाल लें, नहीं तो उन्हें आठ घंटे की मजदूरी करनी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में परीक्षाएं समय से और ईमानदारी से होती हैं. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों में साढ़े नौ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है. इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी हैं. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा है.
गंगा नदी में क्यों बढ़ रही है डाल्फिनों की संख्या
उन्होंने नल के जरिए पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने वाले 'जल जीवन मिशन'की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को बहुत फायदा हुआ है. उन्होंने कहा कि जो महिला पहले पीने का पानी लाने के लिए डेढ़-दो किमी जाती थी, उसे अब पीने का साफ पानी उसके घर में ही मिल रहा है. इससे गंदे पानी से होने वाली बीमारियां कम हुई हैं. इससे लोगों का जीवन स्तर सुधरा है. केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एलपीजी का सिलेंडर मिलने से अब खाना 40 मिनट में ही बन जा रहा है. महिलाओं को होली-दीवाली पर अलग से सिलेंडर मिल रहा है.उन्होंने कहा कि अब इससे जो समय बच रहा है, उसका सदुपयोग महिलाएं बच्चों को पढ़ाने और कुछ दूसरे काम, जिससे उनकी आमदनी हो, उसमें कर रही हैं.
वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु विभाग के राज्य मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने गंगा नदी के प्रदूषण की चर्चा करते हुए कहा कि आज गंगा नदी के प्रदूषण में काफी कमी आई है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम होने का सबसे बड़ा सबूत यह है कि गंगा में डाल्फिनों की संख्या में तेजी से उछाल आया है. उन्होंने कहा कि डाल्फिन उन्हीं नदियों में पाई जाती हैं,जिनमें प्रदूषण का स्तर काफी कम होता है.उन्होंने कहा कि आज देश में जितनी डाल्फिन हैं, उनमें से आधा से अधिक यूपी की गंगा नदी में हैं.
'जल जीवन मिशन' से गांवों में कम हो रही है बीमारियां
कार्यक्रम में भाग लेने आई फरजाना नाम की सरकारी योजनाओं की लाभार्थी महिला ने इन योजनाओं के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया. उन्होंने कहा कि 'जल जीवन मिशन' से गावों में होने वाली बीमारियों में कमी आई है. उन्होंने कहा कि अब गांवों में पीने का साफ पानी मिल जाने से लोगों को टायफाइड और बायरल बुखार कम होता है.इसके साथ ही उज्ज्वला योजना में मिलने वाले सिलेंडर की वजह से महिलाओं में चूल्हा जलाने से होने वाली खांसी नहीं हो रही है. इससे महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि सही मायने में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ही महिलाओं को सशक्त बनाया है. उन्होंने नेशनल रूरल लाइवलीहुड मिशन ( एनआरएलएम) की वजह से महिलाओं की स्थिति में काफी सुधार आया है.
कैरा ब्लाक से आई एक लाभार्थी ने कहा कि वो पहले पढ़ी-लिखी होने के बाद भी घर में बच्चों की देखभाल करती थी. लेकिन एनआरएलएम की वजह से उनकी स्थिति सुधर गई है. उन्होंने कहा कि अब वो और उनका परिवार एक ढाबा चलाता है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने यहां दूसरी महिलाओं को भी काम दिया है. अब वो पैसा कमा रही हैं. इससे उनकी आय भी बढ़ी है. उन्होंने इस योजना की वजह से घर से निकलकर बाहर जाने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा का आलम यह है कि वो अब दिन-रात कभी भी, कहीं भी आ जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें: 'सरकार बनी तो अग्निवीर योजना खत्म...', अखिलेश के ऐलान पर कांग्रेस समर्थन में, BJP का पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं